अमरीकी शुल्क से कनाडाई मटर का निर्यात प्रभावित नहीं होगा

06-Feb-2025 03:50 PM

रेगिना । अमरीका ने कनाडाई उत्पादों के आयात पर 25 प्रतिशत का सीमा शुल्क लागू करने का निर्णय लिया है लेकिन जानकारों का कहना है कि इस शुल्क से कनाडा के मटर निर्यात पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।

कनाडा से अमरीका को सीमित मात्रा में मटर का निर्यात होता है और अगर शुल्क लगने के कारण इसमें बाधा उत्पन्न हुई तो भारत और चीन सहित कई अन्य देश इसकी भरपाई कर सकते हैं।

कनाडा के उत्पादकों एवं निर्यातकों की असली चिंता भारत को लेकर है क्योंकि यहां 28 फरवरी 2025 के पीली मटर के शुल्क मुक्त आयत की समय सीमा समाप्त होने वाली है और इसे आगे बढ़ाए जाने की स्थिति अनिश्चित बनी हुई है। भारत में आयात बंद होने पर कनाडा को भारी झटका लग सकता है। 

कनाडा से मटर का सर्वाधिक निर्यात भारत और चीन को हो रहा है। चीन का झुकाव रूस की तरफ तेजी से बढ़ने लगा है जबकि भारत के हालात अनिश्चित बने हुए हैं।

पश्चिमी कनाडा की मंडियों में पीली मटर का भाव 10.50 डॉलर प्रति बुशेल पर स्थिर बना हुआ है जबकि आगामी नई फसल का सांकेतिक मूल्य 9.50-10.00 डॉलर प्रति बुशेल बताया जा रहा है।

वहां अप्रैल-जून में मटर की बिजाई होगी और अगस्त से नया माल तैयार होकर मंडियों में आने लगेगा। हरी मटर का दाम 17 डॉलर प्रति बुशेल तथा मापले मटर का मूल्य 19-23 डॉलर प्रति बुशेल पर स्थिर बना हुआ है।

यदि भारत में शुल्क मुक्त आयात की अवधि आगे बढ़ाई जाती है तो कनाडा में पीली मटर का बिजाई क्षेत्र बढ़ सकता है।

हालांकि दक्षिण-एशिया एवं यूरोप के कई देश भी कनाडा से मटर का आयात करते हैं मगर वहां भारत जैसा विशाल बाजार उपलब्ध नहीं है।

भारत में पीली मटर का विशाल आयात पहले ही हो चुका है और इसका भारी-भरकम स्टॉक अभी मौजूद है। अगले महीने से मटर की नई घरेलू फसल की जोरदार आवक भी शुरू होने वाली है जबकि घरेलू बाजार भाव नीचे स्तर पर स्थिर है। इससे अन्य दलहनों की कीमतों पर भी असर पड़ रहा है।