अनन्तपुर जिले में मूंगफली बीज का वितरण 24 मई को शुरू होगा
20-May-2024 03:29 PM
विजयवाड़ा । आंध्र प्रदेश के रॉयल सीमा संभाग में स्थित मूंगफली के सबसे प्रमुख उत्पादक जिला- अनन्तपुर में मानसून पूर्व की अच्छी बारिश होने से इस महत्वपूर्ण तिलहन फसल की बिजाई का अभियान जल्दी ही शुरू होने वाला है।
इसे देखते हुए अनन्तपुर जिला प्रभाग में इस बार खरीफ सीजन के दौरान रियायती मूल्य पर मूंगफली बीज का वितरण 24 मई से आरंभ करने का प्लान बनाया है।
हालांकि पहले रॉयल सीमा संभाग और खासकर अनन्तपुर जिले में वर्षा का अभाव बना हुआ था लेकिन पिछले कुछ दिनों से वहां मानसून पूर्व की अच्छी बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने 23 मई तक वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। वहां किसानों ने मूंगफली की बिजाई के लिए खेतों को तैयार करना शुरू कर दिया है।
अनन्तपुर आंध्र प्रदेश में मूंगफली का सबसे प्रमुख उत्पादक जिला है और राष्ट्रीय स्तर पर भी शीर्ष उत्पादक जिलों की सूची में शामिल है।
पिछले साल दक्षिण-पश्चिम मानसून की अत्यन्त कमजोर स्थिति के कारण वहां मूंगफली उत्पादकों को जबरदस्त नुकसान हुआ था और जिस्ले के बहुत बड़े भाग में इसकी खड़ी फसल पानी की कमी के चलते बर्बाद हो गई थी।
लेकिन इस बार सही समय पर अच्छी बारिश होने से मूंगफली की खेती के प्रति किसानों में उत्साह एवं आकर्षण बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने मानसून सीजन के दौरान भी अच्छी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है।
रॉयल सीमा संभाग में सिंचाई की सीमित सुविधा उपलब्ध है और अधिकांश भाग वर्षा पर ही आश्रित है इसलिए वहां बेहतर उत्पादन के लिए अच्छी वर्षा होना आवश्यक माना जाता है।
अनन्तपुर जिले के सभी प्रमुख मूंगफली उत्पादक मंडलों में 24 मई 2024 से रियायती मूल्य पर मूंगफली बीज का विवरण आरंभ करने का निर्णय लिया गया है।
ताकि किसानों को सही समय पर इसकी बिजाई की प्रक्रिया शुरू करने में सहूलियत हो सके। इसके लिए बीज निगरानी समिति का गठन किया जा चुका है। बीज वितरण में लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी।
