अप्रैल-जून में करीब 36 हजार टन राजमा का आयात

18-Jul-2025 08:23 PM

नई दिल्ली। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में यानी अप्रैल-जून 2025 के दौरान देश में राजमा का कुल आयात घटकर 35,940 टन पर अटक जाने का अनुमान है जो वर्ष 2024 के इन्हीं महीनों के आयात 37,729 टन से 1789 टन कम है।

इसके तहत 2024 के मुकाबले 2025 में अप्रैल के दौरान राजमा का आयात 15,860 टन से गिरकर 14,730 टन पर अटक गया था मगर मई में यह 10,215 टन से बढ़कर 13,231 टन पर पहुंच गया।

जून में आयात 11,654 टन से घटकर 7980 टन पर सिमट जाने का अनुमान है। आमतौर पर जुलाई से अक्टूबर तक देश में प्रति माह औसतन 7-8 हजार टन राजमा का आयात होता है क्योंकि उस समय प्रमुख आपूर्तिकर्ता देशों में इसका स्टॉक सीमित रहता है।

अक्टूबर से जब नए माल की आवक शुरू होती है और कीमत नरम रहती है तब भारत में इसका आयात बढ़ने लगता है। नवम्बर, दिसम्बर एवं जनवरी में आयात प्रतिमाह 10 हजार टन से ज्यादा होता है। 

वित्त वर्ष 2024-25 की सम्पूर्ण अवधि (अप्रैल-मार्च) के दौरान देश में राजमा का आयात बढ़कर 1.34 लाख टन पर पहुंच गया जो 2023-24 के आयात 1,27,640 टन तथा वित्त वर्ष 2022-23 के आयात 82,736 टन से काफी अधिक मगर 2021-22 के शीर्ष आयात 1,37,938 टन से कुछ कम रहा।

इससे पूर्व देश में वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान 1,06,362 टन तथा 2019-20 में 1,14,935 टन राजमा मंगाया गया था। भारत में राजमा का सीमित उत्पादन होता है इसलिए प्रति वर्ष विदेशों से इसके आयात की आवश्यकता बनी रहती है। 

वित्त वर्ष 2024-25 में राजमा का सर्वाधिक आयात नवम्बर 2024 में 27,496 टन का हुआ था जबकि अप्रैल 2024 में 15,860 टन, मार्च 2025 में 12,468 टन, जून में 2024 में 11,654 टन तथा दिसम्बर 2024 में 11,414 टन का आयात किया गया। मई 2024 में 10,215 टन राजमा मंगाया गया था जबकि शेष महीनों में से प्रत्येक में आयात 10 हजार टन से कम हुआ था।