अप्रैल के मुकाबले मई-जून में मौसम काफी गर्म रहने का अनुमान
01-Apr-2026 03:46 PM
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि चालू माह (अप्रैल) के दौरान देश के अधिकांश भाग में दिन का तापमान सामान्य औसत स्तर पर या इससे नीचे रह सकता है जिसमें पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर क्षेत्र एवं पश्चिमोत्तर राज्य भी शामिल नहीं हैं। दक्षिणी प्रायद्वीप में भी तापमान सामान्य से कुछ ऊंचा रह सकता है।
ग्रीष्मकालीन सीजन के तीन महीनों (अप्रैल, मई, जून) के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए आईएमडी के महानिदेशक ने कहा है कि इस अवधि के दौरान पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश भागों, मध्यवर्ती भारत के पूर्वी इलाकों तथा उसके निकटवर्ती प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में उच्चतम तापमान सामान्य स्तर से ऊंचा रहेगा जबकि देश के शेष इलाकों में सामान्य या इससे नीचे रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक अप्रैल का महीना अपेक्षाकृत ठंडा रहेगा क्योंकि इसमें तापमान में कम दिनों के लिए वृद्धि होगी लेकिन मई और जून में ऊंचे तापमान की समयावधि लम्बी रहेगी और गर्म हवा की तेज लहर (लू) का प्रकोप ज्यादा दिनों तक रहने की संभावना है। इसी तरह न्यूनतम तापमान महाराष्ट्र एवं तेलंगाना में सामान्य स्तर से कुछ नीचे रहने की उम्मीद है जबकि देश के अन्य अधिकांश क्षेत्रों में यह सामान्य से ऊंचा रह सकता है।
आईएमडी द्वारा वर्ष 2026 के लिए मानसून सीजन की वर्षा का पहला अनुमान अगले दो सप्ताहों के अंदर जारी किए जाने की संभावना है। ज्ञात हो कि इस बार मानसूनी बारिश पर अल नीनो मौसम चक्र का खतरा मंडरा रहा है।
