अर्जेन्टीना में गेहूं का अगला उत्पादन शानदार होने का अनुमान

27-May-2025 11:00 AM

ब्यूनस आयर्स। लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना में मौसम की हालत अनुकूल रहने तथा बिजाई क्षेत्र में वृद्धि होने से 2025-26 सीजन के दौरान गेहूं का शानदार उत्पादन होने का अनुमान है। वहां मई-जून में गेहूं की बिजाई होती है और नवम्बर-दिसम्बर में फसल की कटाई-तैयारी हो जाती है।

रोजारियो ग्रेन एक्सचेंज के अनुसार 2025-26 सीजन के दौरान अर्जेन्टीना में गेहूं का उत्पादन बढ़कर अब तक के दूसरे सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच सकता है। गेहूं की बिजाई के लिए मौसमी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। 

रोजारियो ग्रेन एक्सचेंज की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार चालू वर्ष के दौरान अर्जेन्टीना में गेहूं का बिजाई क्षेत्र बढ़कर 72 लाख हेक्टेयर (178 लाख एकड़) पर पहुंच जाने की संभावना है जबकि औसत उपज दर में भी सुधार आने से इसका कुल उत्पादन उछलकर 212 लाख टन तक पहुंच सकता है।

वैसे एक्सचेंज ने फिलहाल वहां 210 लाख टन के उत्पादन का अनुमान लगाया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बार उत्पादन का अनुमान हकीकत में बदलने की पक्की संभावना नजर आ रही है। 

उल्लेखनीय है कि किसानों को गेहूं की खेती के लिए प्रोत्साहित करने हेतु अर्जेन्टीना सरकार ने इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न के निर्यात शुल्क में कटौती की समय सीमा को मार्च 2026 तक के लिए बढ़ा दिया है।

इससे उत्पादकों को बेहतर उत्पादन का प्रोत्साहन मिलेगा और वे गेहूं की खेती में निवेश बढ़ाने की भरपूर कोशिश करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर गेहूं की बिजाई आरंभ हो चुकी है मगर कुछ इलाकों में हाल में हुई भारी वर्षा के कारण खेतों में पानी जमा होने या नमी का स्तर जरूरत से ज्यादा रहने से बिजाई में बाधा पड़ रही है।

जैसे-जैसे नमी का अंश घटकर सामान्य स्तर पर आता जाएगा वैसे-वैसे वहां बिजाई की रफ्तार बढ़ती जाएगी। बिजाई के लिए अभी किसानों के पास पर्याप्त समय बाकी है। 

ध्यान देने की बात है कि दक्षिण अमरीका महाद्वीप में स्थित अर्जेन्टीना संसार के सात शीर्ष गेहूं निर्यातक देशों की सूची में शामिल है और वहां से ब्राजील सहित कई अन्य देशों को विशाल मात्रा में इसका निर्यात किया जाता है। यदि वहां इस बार उत्पादन 200 लाख टन की सीमा को पार करता है तो उसे गेहूं का शिपमेंट बढ़ाने में अच्छी सफलता मिल सकती है।