अर्जेन्टीना में नियमित बारिश से सोयाबीन फसल की कटाई में बाधा
17-Apr-2025 12:36 PM
ब्यूनस आयर्स। लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना में जब प्रगति के चरण में सोयाबीन की फसल को सिंचाई के लिए पानी की आवश्यकता थी तब मौसम साफ और शुष्क बना रहा जबकि कटाई-तैयारी का समय आने पर बारिश होने लगी।
इससे न केवल पकी हुई फसल को काटने में किसानों को कठिनाई हो रही है बल्कि कहीं-कहीं फसल को नुकसान होने की आशंका है।
गर्म एवं शुष्क मौसम के कारण अर्जेन्टीना में सोयाबीन की फसल को काफी क्षति पहले ही हो चुकी है जिससे वहां इस प्रमुख तिलहन फसल के उत्पादन का अनुमान 535 लाख टन से घटकर 480 लाख टन नियत किया गया है।
यदि बारिश से फसल को अतिरिक्त नुकसान हुआ तो उत्पादन अनुमान में और भी कटौती हो सकती है।
उद्योग-व्यापार क्षेत्र के विशेषज्ञों का कहना है कि अब कुल उत्पादन के अनुमान में ज्यादा कटौती संभव नहीं है क्योंकि हाल की बारिश से सोयाबीन की पिछैती बिजाई वाली फसल को काफी फायदा हुआ है
और उसकी उपज दर में सुधार आ सकता है। लेकिन निरन्तर हो रही वर्षा से फसल की कटाई-तैयारी जरूर लेट हो रही है।
ब्यूनस आयर्स ग्रेन्स एक्सचेंज की एक रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर सोयाबीन फसल की कटाई की गति पंचवर्षीय औसत से धीमी है।
कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा होने से खेतों में पानी जमा हो गया है और इसमें हार्वेस्टर्स (कटाई मशीन) को चलाना संभव नहीं है।
अर्जेन्टीना के किसान अपने सोयाबीन की बिक्री भी धीमी रफ्तार से कर रहे हैं क्योंकि आगामी समय में उन्हें सरकार की नीति अनुकूल होने तथा ऊंचा भाव मिलने की उम्मीद है।
ज्ञात हो कि ब्राजील तथा अमरीका के बाद अर्जेन्टीना दुनिया में सोयाबीन का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोया तेल एवं सोयामील के निर्यात में प्रथम स्थान पर रहता है।
