अर्जेन्टीना में सोया तेल के दाम में सीमित तेजी-मंदी की संभावना

29-Aug-2025 06:01 PM

ब्यूनस आयर्स । लैटिन अमरीकी देश- अर्जेंटीना में सोयाबीन तेल का फ्री ऑन बोर्ड औसत इकाई निर्यात ऑफर मूल्य 22 अगस्त को उछलकर 1155 डॉलर प्रति टन की ऊंचाई पर पहुंचा था

मगर 26-27 अगस्त को घटकर 1120 डॉलर प्रति टन पर आ गया। सितम्बर-नवम्बर के अगाऊ सौदों के लिए सोयाबीन तेल का ऑफर मूल्य 1120-1130 डॉलर प्रति टन बताया जा रहा है जिससे संकेत मिलता है कि आगामी समय के दौरान वहां इसकी कीमतों में सीमित तेजी-मंदी का माहौल रह सकता है।

वैसे वर्ष की दूसरी छमाही में खासकर भारत में त्यौहारी सीजन के दौरान सोयाबीन तेल की मांग मजबूत रहने की संभावना है मगर कीमतों में उछाल आना मुश्किल लगता है। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार खाद्य तेल का बाजार पिछले मूवमेंट से नहीं बल्कि मौजूदा मांग एवं आपूर्ति के समीकरण से संचालित होता है। शिकागो एक्सचेंज में कमजोर कारोबार के कारण सोया तेल का वायदा भाव नरम पड़ गया है।

चीन के आयातक आगामी महीनों की डिलीवरी के लिए अमरीकी सोयाबीन की खरीद नहीं कर रहे हैं और ब्राजील से आयात बढ़ा रहे हैं। ब्राजील में बायोडीजल में सोया तेल के अनिवार्य मिश्रण का स्तर बढ़ाकर 15 प्रतिशत नियत किया गया है और जल्दी ही वहां अगले सीजन के लिए सोयाबीन की बिजाई का अभियान आरंभ होने वाला है। 

अर्जेन्टीना में इस वर्ष सोयाबीन का अच्छा उत्पादन हुआ है और क्रशिंग-प्रोसेसिंग उद्योग को समुचित मात्रा में इसका स्टॉक प्राप्त हो रहा है।

संघीय सरकार ने सोया उत्पादों पर निर्यात शुल्क घटा दिया है जिससे वहां सोयाबीन तेल की कीमतों में काफी हद तक स्थिरता बरकरार रहने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि अर्जेन्टीना संसार में ब्राजील तथा अमरीका के बाद सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोया तेल एवं सोयामील के निर्यात में प्रथम स्थान पर रहता है।

रूस में 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में सोयाबीन का उत्पादन बढ़कर 84 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है। यूक्रेन में पोलैंड सीमा के पास स्थित रजोव में सोया तेल का भाव 1180 डॉलर प्रति टन तथा मिस्र में क्रूड सोया तेल का दाम  1080-1100 डॉलर प्रति टन बताया जा रहा है।