अर्जेन्टीना में सोयाबीन की 81 प्रतिशत फसल की कटाई पूरी

09-Jun-2025 03:28 PM

ब्यूनस आयर्स । लैटिन अमरीकी देश अर्जेन्टीना में मौसम साफ होने से सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी पुनः आरंभ हो गई है और पिछले सप्ताह के अंत तक 81 प्रतिशत क्षेत्र में फसल की कटाई पूरी हो चुकी थी। एक सप्ताह के अंदर वहां 6.4 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई हुई। इससे ज्ञात होता है कि पूर्व की भारी बारिश से जिन इलाकों के खेतों में पानी भर गया था वहां भी हालत अब फसल की कटाई के लिए अनुकूल होता जा रहा है।  

2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के लिए अर्जेन्टीना में सोयाबीन का उत्पादन अनुमान 485 लाख टन के पिछले सप्ताह पर स्थिर रखा गया है। आरंभिक बिजाई वाले सोयाबीन की 86 प्रतिशत फसल की कटाई समाप्त हो चुकी है। इसकी कटाई की सबसे धीमी गति ब्यूनस आयर्स प्रान्त के उत्तरी भाग में देखी जा रही है क्योंकि हाल में वहां जोरदार वर्षा हुई थी। 

राष्ट्रीय स्तर पर इस बार सोयाबीन की औसत उपज दर 3090 किलो प्रति हेक्टेयर (46 बुशेल प्रति एकड़) रहने का अनुमान लगाया जा रहा है लेकिन विभिन्न इलाकों में इसका स्तर- अलग-अलग देखा जा रहा है। सबसे निचले स्तर की उपज दर देश के पूर्वोत्तर भाग में 1200 किलो प्रति हेक्टेयर (17.8 बुशेल प्रति एकड़) तथा सबसे ऊंचे स्तर पर उत्पादकता दर उत्तरी कोर क्षेत्र में 3740 किलो प्रति हेक्टेयर पर 55.7 बुशेल प्रति एकड़ दर्ज की गई। 

मौसम की हालत पूरी तरह फसल के लिए अनुकूल नहीं रहने से सोयाबीन की औसत उपज दर के अनुमान में कटौती होती रही है। आरंभिक चरण में अर्जेन्टीना में 2024-25 सीजन के दौरान 535 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान लगाया गया था जिसे अब 50 लाख टन घटाकर 485 लाख टन नियत किया गया है। आगे यदि जोरदार बारिश नहीं होती है तो यह उत्पादन अनुमान बरकरार रह सकता है अन्यथा इसमें कुछ और कटौती हो सकती है।

अर्जेन्टीना दुनिया में ब्राजील तथा अमरीका के बाद सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोयाबीन तेल एवं सोयामील के निर्यात में प्रथम स्थान पर रहता है।