अधिकांश खाद्य जिंसों का भाव सरकारी समर्थन मूल्य से नीचे
06-Nov-2025 06:04 PM
नई दिल्ली। खरीफ सीजन की फसलों के नए माल की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ने तथा मांग कमजोर रहने से अधिकांश खाद्य जिंसों का भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे आ गया है मगर गेहूं, सरसों एवं जौ जैसे रबी कालीन जिंसों एवं तिल का दाम ऊपर चल रहा है।
5 नवम्बर 2025 को शाहजहांपुर में गेहूं का भाव 2480 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया जो 2425 रुपए प्रति क्विंटल के एमएसपी से 55 रुपए ऊंचा था।
इसी तरह जोधपुर में जौ का दाम 2800 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा था जो 1980 रुपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य से 820 रुपए ऊपर था। सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5950 रुपए प्रति क्विंटल है मगर भरतपुर (राजस्थान) में इसका थोक मंडी भाव 850 रुपए ऊपर यानी 6800 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।
तिल का बाजार भाव उछलकर राजकोट मंडी में 15000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया जो इसके एमएसपी 9846 रुपए प्रति क्विंटल से 5154 रुपए अधिक था। शेष जिंसों का भाव एमएसपी से नीचे रहा।
जिन खाद्य जिंसों का दाम सरकारी समर्थन मूल्य से नीचे चल रहा था उसमें चना, उड़द, तुवर, मूंग एवं मसूर जैसे दलहन, मूंगफली एवं सोयाबीन जैसे तिलहन तथा बाजरा,मक्का एवं ज्वार जैसे मोटे अनाज शामिल थे।
दलहनों में चना का भाव बीकानेर में घटकर 5500 रुपए प्रति क्विंटल, उड़द का दाम लातूर में 6400 रुपए, तुवर का मूल्य लातूर में 7275 रुपए, मूंग का दाम मेड़ता सिटी में 8200 रुपए तथा मसूर का भाव गंजबसौदा में 6600 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।
उल्लेखनीय है कि चना का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5650 रुपए प्रति क्विंटल, उड़द का 7800 रुपए, तुवर का 8000 रुपए, मूंग का 8768 रुपए तथा मसूर का समर्थन मूल्य 6700 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है।
मोटे अनाजों में बाजरा का भाव जालना में 2700 रुपए प्रति क्विंटल, मक्का का मूल्य गुलाब बाग में 2200 रुपए प्रति क्विंटल तथा ज्वार का दाम (हाइब्रीड के लिए) बगलकोट में 1700 रुपए प्रति क्विंटल रह गया जबकि सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य बाजरा के लिए 2775 रुपए प्रति क्विंटल, मक्का के लिए 2400 रुपए प्रति क्विंटल तथा ज्वार (हाइब्रिड) के लिए 3699 रुपए प्रति क्विंटल नियत कर रखा है।
तिलहनों में मूंगफली का समर्थन मूल्य 7263 रुपए प्रति क्विंटल तथा सोयाबीन का 5328 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है जबकि मूंगफली का भाव राजकोट में 4500 रुपए तथा सोयाबीन का दाम देवास में 4460 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।
