बड़ी इलायची की कीमतों में तेजी

11-Sep-2025 07:22 PM

मगर भविष्य मंदे का  

नई दिल्ली। हाल ही में बड़ी इलायची की कीमतों में 40/50 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की गई है। हालांकि यह तेजी मांग के कारण नहीं आई है बल्कि नेपाल में राजनैतिक हालात खराब होने के कारण आई है। सूत्रों का कहना है कि सीमाओं पर चौकसी के कारण नेपाल से बड़ी इलायची का आयात बंद हो गया है। जिस कारण से स्टॉकिस्टों ने भाव बढ़ाकर बोलने शुरू कर दिए हैं। लेकिन नेपाल में हालात सामान्य हो जाने के पश्चात कीमतों में गिरावट आने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। क्योंकि चालू सीजन के दौरान देश में ही नहीं अपितू नेपाल में भी बड़ी इलायची की पैदावार गत वर्ष की तुलना में अधिक होने के समाचार है। वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों सहित खपत केन्द्रों पर भी नए मालों की आवक शुरू हो गई है। देश में  बड़ी इलाचयी का उत्पादन सिक्किम, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश में होता है। इसके अलावा नेपाल में भी बड़ी इलायची की पैदावार होती है। नेपाल में खपत कम होने के कारण अधिकांश माल की खपत भारतीय बाजारों में होती है। 

कीमतों में तेजी 

चालू सप्ताह के दौरान बड़ी इलायची की कीमतों में 40/50 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की गई है। वर्तमान में दिल्ली बाजार में भाव बढ़कर 1500/1510 रुपए प्रति किलो पर बोले जाने लगे हैं। जोकि एक सप्ताह पूर्व 1460/1470 रुपए बोले जा रहे हैं। एक माह पूर्व भाव 1530/1540 रुपए के चल रहे थे। उत्पादक केन्द्रों पर नए मालों की आवक शुरू होने के साथ ही कीमतों में गिरावट शुरू हो गई थी और गत दिनों दिल्ली बाजार में भाव घटकर 1450/1460 रुपए पर आ गए है। सूत्रों का कहना है कि अभी बाजार मजबूत बने रहेंगे। लेकिन आगामी दिनों में आयात शुरू हो जाने के साथ ही देश की मंडियों में भी नई बड़ी इलायची की आवक बढ़नी शुरू हो जाएगी। जिस कारण से कीमतों में फिर गिरावट आएगी। व्यापारिक सूत्रों का मानना है कि वर्तमान हालात को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि आवक का दबाव बनने के समय बड़ी इलायची के दाम 1400/1425 रुपए बन सकते हैं। 

आयात घटा 

गत दो वर्षों से पैदावार कम रहने के कारण नेपाल में बड़ी इलायची के भाव ऊंचे चल रहे थे। जिस कारण आयात भी घट रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2022-23 में बड़ी इलायची का आयात 9403 टन का किया गया। आयातित बड़ी इलायची   पर 488.40 करोड़ रुपए खर्च किए गए। जबकि वर्ष 2023-24 के दौरान 518.18 करोड़ रुपए खर्च कर 6534 टन बड़ी इलायची का आयात किया गया। वर्ष 2024-25 में बड़ी इलायची का आयात केवल 4957 टन का किया गया। और आयात खर्च बढ़कर 578.92 करोड़ रुपए का हो गया है। सूत्रों का मानना है कि चालू सीजन के दौरान बड़ी इलायची का आयात बढ़ने की संभावना है। 

आयात 

चालू सीजन के दौरान देश में ही नहीं अपितू विदेशों में भी बड़ी इलायची का उत्पादन अधिक होने के कारण प्रथम तीन माह अप्रैल- जून- 2025 के दौरान निर्यात में 7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है जबकि आय में 3 प्रतिशत की कमी आई है। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-जून- 2025 के दौरान बड़ी इलायची का निर्यात 322.97 टन का रहा और 52.6 करोड़ रुपए की आय प्राप्त हुई। जबकि गत वर्ष अप्रैल-जून-2024 के दौरान बड़ी इलाचयी का निर्यात 346.98 टन का रहा था और 54.16 करोड़ रुपए की आय प्राप्त हुई थी। वर्ष 2024-25 (अप्रैल-मार्च) के दौरान बड़ी इलायची का निर्यात 1368.34 टन का रहा था और निर्यातक से प्राप्त आय 229.44 करोड़ की रही। वर्ष 2023-24 में निर्यात 1280.82 टन का हुआ था और 148.15 करोड़ रुपए की आय हुई।