बी टी कॉटन सीड के एमआरपी में कोई बदलाव नहीं

27-Apr-2026 10:56 AM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2026-27 सीजन के लिए बी टी कपास बीज (कॉटन सीड) के उच्चतम खुदरा मूल्य में कोई बदलाव नहीं किया है और इसे 2025-26 के मूल्य स्तर पर ही बरकरार रखा है।

इस तरह अब बोलगार्ड 2 (बीजी 2) कॉटन सीड का एमआरपी 900 रुपए प्रति पैकेट (450 ग्राम) तथा बोलगार्ड 1 का मूल्य 635 रुपए प्रति पैकेट पर स्थिर रहेगा। 

उल्लेखनीय है कि कृषि मंत्रालय द्वारा प्रत्येक वर्ष बी टी कॉटन के बीज का एमआरपी घोषित किया जाता है। इसके तहत कभी इसमें वृद्धि की जाती है तो कभी इसे पुराने स्तर पर ही स्थिर रखा जाता है। ज्ञात हो कि पिछले साल सरकार ने बी जी 2 कॉटन बीज का एमआरपी 864 रुपए प्रति पैकेट से बढ़ाकर 900 रुपए प्रति पैकेट नियत किया था।

जहां तक बी जी 1 सीड का सवाल है तो इसका एमआरपी वर्ष 2016 से ही 635 रुपए प्रति पैकेट पर स्थिर बना हुआ है। पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान में कपास की अगैती बिजाई का सीजन आरंभ हो चुका है जबकि अन्य राज्यों- गुजरात, महाराष्ट्र एवं तेलंगाना आदि में जून से बिजाई शुरू होगी।