बफर स्टॉक कम रहने से दलहनों की खरीद बढ़ाने का प्रयास

20-Mar-2026 01:33 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय बफर स्टॉक में दलहनों की मात्रा घटकर नियत स्तर से काफी नीचे आ जाने से सरकार 2025-26 के मौजूदा सीजन में इसकी खरीद की गति बढ़ाने पर विचार कर रही है।

मंडियों में अरहर (तुवर), चना एवं मसूर जैसे दलहनों की आपूर्ति बढ़ने लगी है जिससे सरकार को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर इसकी खरीद बढ़ाने का अवसर मिल सकता है।  

सरकार के पास फिलहाल लगभग 22 लाख टन दलहन का स्टॉक मौजूद है जबकि केन्द्रीय उपभोक्ता मामले मंत्रालय के बफर स्टॉक की जरूरत 35 लाख टन का स्टॉक ऊपरी सीमा है।

अभी 22 लाख टन का स्टॉक उपलब्ध है इसलिए 12-13 लाख टन दलहनों की खरीद आसानी से की जा सकती है। लेकिन इसके लिए दलहनों का भाव एमएसपी से नीचे आना आवश्यक है। 

केन्द्रीय पूल में मौजूद 22 लाख टन दलहनों के कुल स्टॉक में करीब 7-80 लाख टन मूंग, 5.50 लाख टन तुवर, 4 लाख टन मसूर एवं लगभग 3 लाख टन चना का स्टॉक शामिल है।

उड़द का स्टॉक बहुत कम या नगण्य है क्योंकि खरीफ सीजन में इसकी खरीद में सरकार को सीमित सफलता मिली थी। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार केन्द्रीय पूल में मूंग का भरपूर स्टॉक मौजूद है क्योंकि बेहतर उत्पादन  एवं कमजोर भाव के कारण सरकारी एजेंसी को इसकी भारी खरीद करने का मौका मिल गया।