बांधों में घटते जल स्तर से बढ़ रही चिंता

20-Mar-2026 03:33 PM

नई दिल्ली। जुलाई-सितम्बर के दौरान अल नीनो मौसम चक्र के सक्रिय रहने की आशंका से मानसूनी वर्षा प्रभावित होने की संभावना है जबकि उससे पूर्व देश के प्रमुख बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर लगातार घटते जाने से गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है।

हालत यह है कि देश के 166 प्रमुख बांधों-जलाशयों में से केवल झारखंड के जाखेट डैम में पूरी भंडारण क्षमता के समतुल्य पानी का स्टॉक है तथा अन्य 18 जलाशयों में 80 प्रतिशत से अधिक पानी का भंडारण है जबकि शेष बांधों में जल स्तर घटकर काफी नीचे आ गया है।

देश के पश्चिमी, पूर्वी एवं मध्यवर्ती संभाग के जलाशयों में पानी का स्टॉक 50 प्रतिशत से ज्यादा है जबकि दक्षिणी भारत में जल स्तर गिरकर पिछले साल से नीचे आ गया है।

दिलचस्प तथ्य यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर अब भी बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक गत वर्ष से 13.5 प्रतिशत बिंदु और दस वर्षीय औसत से 26 प्रतिशत बिंदु ऊंचा है। फिलहाल देश के अनेक राज्यों में बारिश का दौर जारी है मगर जोरदार वर्षा नहीं हो रही है।