सोयाबीन की सरकारी खरीद सही समय पर शुरू करने का दावा
20-Mar-2026 04:12 PM
मुम्बई। महाराष्ट्र सरकार ने दावा किया है कि राज्य में 2025-26 के वर्तमान खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान सोयाबीन खरीद की प्रक्रिया निर्धारित समय पर आरंभ हुई और किसी भी किसान से इसकी खरीद करने से इंकार नहीं किया गया .
महाराष्ट्र के एक मंत्री ने कहा है कि राज्य में सोयाबीन की खरीद के लिए किसानों का ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन 30 अक्टूबर 2025 को आरंभ हुआ और 15 नवम्बर 2025 से विभिन्न जिलों में खरीद की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी गई। खरीद का अभियान लगातार 90 दिनों तक चलता रहा और 12 फरवरी 2026 को इसका समापन हो गया।
मंत्री महोदय ने स्वीकार किया कि राज्य के कुछ भागों में सोयाबीन की खरीद का लक्ष्य पूरी तरह हासिल नहीं हो सका लेकिन इसका कारण कीमतों में आने वाला उतार-चढ़ाव रहा। जिन क्षेत्रों में भाव सुधरकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से ऊंचा हो गया वहां किसानों ने सरकारी क्रय केन्द्रों पर माल लाना बंद कर दिया और खुले बाजार में अपना उत्पाद बेचने पर ध्यान दिया।
मंत्री महोदय का कहना था कि महाराष्ट्र सरकार ने सभी किसानों से सोयाबीन के सम्पूर्ण विपणन योग्य स्टॉक खरीदने का हर संभव प्रयास किया ताकि किसानों को लाभप्रद वापसी सुनिश्चित की जा सके और औने-पौने दाम पर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश न होना पड़े।
