बांग्ला देश के चावल आयात टेंडर में भारत का ऑफर सबसे आकर्षक

06-Feb-2025 08:38 PM

ढाका । बांग्ला देश की सरकारी अनाज खरीद एजेंसी द्वारा 50 हजार टन चावल के आयात के लिए जो टेंडर जारी किया गया था। उसमें सबसे आकर्षक मूल्य का ऑफर भारत की ओर से किया गया। यह मूल्य ऑफर 434.77 डॉलर प्रति टन रहा जिसमें लाइनर आउट के आधार पर शिपमेंट चार्ज भी शामिल है।

एक अग्रणी व्यापारिक प्रतिष्ठान ने भारतीय मूल्य के चावल के लिए यह ऑफर दिया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्राप्त ऑफर्स पर अभी विचार किया जा रहा है और फिलहाल खरीद का कोई अनुबंध नहीं किया गया है।

बांग्ला देश परम्परागत रूप से चावल के ऑफर मूल्य पर गंभीरतापूर्वक विचार करता है और उसके बाद ही इसकी खरीद का निर्णय होता है। इसमें कुछ समय लग जाता है। 

बांग्ला देश में चावल का उत्पादन घटने एवं बाजार भाव ऊं चा तथा तेज होने के कारण सरकार को अपने स्तर पर इस महत्वपूर्ण खाद्यान के आयात का निर्णय लेना पड़ा ताकि आंतरिक खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बफर स्टॉक को मजबूत बनाया जा सके। इसके साथ-साथ प्राइवेट व्यापरियों को भी रियायती सीमा शुल्क पर चावल मंगाने की अनुमति दी गई। 

चूंकि भारत और बांग्ला देश की स्थानीय सीमा आपस में मिलती है इसलिए भारत से वहां विभिन्न वस्तुओं का निर्यात स्थल मार्ग, रेल मार्ग एवं जल मार्ग- तीनों माध्यमों से हो सकता है।

सरकारी तौर पर मुख्यतः समुद्री मार्ग से ही चावल मंगाया जाता है और इसके लिए चटगांव तथा मोंगला बंदरगाह को नामित किया गया है। मौजूदा टेंडर के वास्तविक परिणाम की घोषणा जल्दी ही की जा सकती है।

इससे पूर्व जो टेंडर जारी हुआ था उसमें भी भारतीय मूल्य के चावल ने ही बाजी मारी थी और  उसका शिपमेंट भी आरंभ हो चुका है। भारत में चावल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।