बांग्ला देश सरकार को भारत से चीनी का आयात करने का सुझाव
10-Feb-2025 02:33 PM
नई दिल्ली। भारत सरकार द्वारा हाल ही में उद्योग को 10 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति दी गई है जिससे एशिया एवं अफ्रीका के अनेक आयातक देशों की नजर इस पर केन्द्रित हो गई है।
इसे देखते हुए नई दिल्ली स्थित बांग्ला देश के उच्चायुक्त ने अपनी सरकार को भारत से चीनी मंगाने का सुझाव दिया है।
उच्चायोग ने अपनी एक नोट में सिफारिश करते हुए कहा है कि बांग्ला देश के सम्बन्धित अधिकारियों को भारत से चीनी मंगाने पर विचार करना चाहिए।
उच्चायोग ने बांग्ला देश के विदेश मंत्रालय में आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा है। बांग्ला देश को चीनी के आयात की सख्त आवश्यकता भी है।
ज्ञात हो कि भारत सरकार ने 20 जनवरी 2025 को एक अधिसूचना जारी करके 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन हेतु 10 लाख टन चीनी का निर्यात कोटा निर्धारित किया था और सभी मिलों को इसकी मात्रा भी आवंटित कर दी गई है। इसके तहत प्रत्येक प्लांट को उसके पिछले तीन वर्षीय औसत उत्पादन के 3.17 प्रतिशत भाग का निर्यात कोटा आवंटित हुआ है।
उच्चायोग ने कहा है कि बांग्ला देश का वाणिज्य मंत्रालय तथा अन्य सम्बन्धित अधिकारी शीघ्र ही भारत से चीनी आयात के लिए औपचारिक प्रक्रिया आरंभ कर सकते हैं और इच्छुक तथा सत्यापित भारतीय निर्यात एजेंसियों से इसके बारे में सम्पर्क कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने अंतिम चार 2022-23 के मार्केटिंग सीजन में 60 लाख टन चीनी का निर्यात कोटा जारी किया था जबकि 2023-24 के सीजन में कोई निर्यात कोटा जारी नहीं किया था।
2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में जद्दोजहद और उद्योग के भारी दबाव के बाद महज 10 लाख टन चीनी का निर्यात कोटा घोषित किया गया है।
वर्तमान समय में बांग्ला देश में रिफाइंड चीनी के लिए केवल 5 इकाइयां क्रियाशील हैं और इसकी कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 30 लाख टन की है। वहां घरेलू प्रभाग में अक्सर चीनी का अभाव बना रहता है।
रमजान के पवित्र माह की मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए बांग्ला देश को भारी मात्रा में चीनी के आयात की आवश्यकता है। बांग्ला देश चीनी एवं खाद्य उद्योग निगम के अधीन 15 चीनी मिलें हैं मगर उसमें उत्पादन बहुत कम होता है।
