बांग्ला देश सरकार द्वारा चावल, मसूर एवं सोयाबीन तेल की खरीद का निर्णय
09-Apr-2025 12:55 PM
ढाका। बांग्ला देश की सरकार ने 1700 करोड़ टका मूल्य के विभिन्न उत्पादों की खरीद से संबंधित प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसमें 50 हजार टन चावल, 10 हजार टन मसूर तथा 1.20 करोड़ लीटर सोयाबीन तेल के साथ दो जहाजों में एल एन जी की खरीद भी शामिल है।
सरकारी खरीद के लिए गठित कैबिनेट समिति की एक मीटिंग में विभिन्न मंत्रालयों से आये पांच खरीद प्रस्तावों को अनुमोदित कर दिया गया।
इसमें ऊर्जा एवं खनिज संसाधन डिवीजन के दो प्रस्ताव भी शामिल थे जो स्पॉट मार्केट से एलएनजी के आयात से सम्बन्धित थे। लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) का वहां अभाव महसूस होने लगा है।
एलएनजी के एक जहाज की आपूर्ति सिंगापुर की कम्पनी द्वारा 1-2 मई को की जाएगी जिसका मूल्य 593.75 करोड़ टका आंका गया है।
इसी तरह दूसरा जहाज 10-11 मई को ब्रिटेन की एक फर्म द्वारा भेजा जाएगा जिसका मूल्य 607.66 करोड़ टका होगा।
इसी तरह खाद्य मंत्रालय ने 50 हजार टन गैर बासमती चावल के आयात का प्रस्ताव रखा था जिसे कैबीनेट की स्वीकृति मिल गई।
वित्त वर्ष 2024-25 की योजना के तहत इस 50 हजार टन गैर बासमती सेला चावल के आयात की मंजूरी दी गई है। सिंगापुर की एक कम्पनी को इस चावल आयात के लिए चुना गया है जिसने 416.44 डॉलर प्रति टन की दर से चावल भेजने का ऑफर दिया है। बांग्ला देशी मुद्रा में इस 50 हजार टन चावल का मूल्य 254.02 करोड़ टका आंका गया है।
इसके अलावा वाणिज्य मंत्रालय को स्थानीय स्तर पर 10 हजार टन मसूर खरीदने की अनुमति दी गई है जिसका मूल्य 92.75 करोड़ टका अनुमानित हुआ है।
बांग्ला देश में कनाडा तथा ऑस्ट्रेलिया से भारी मात्रा में मसूर का आयात किया जाता है। वाणिज्य मंत्रालय को एक महत्वपूर्ण आयातक फर्म से इसकी खरीद करने का अधिकार दिया गया है।
इसी तरह मंत्रालय को थाईलैंड की एक कम्पनी से 187.39 करोड़ टका मूल्य के 1.20 करोड़ लीटर सोयाबीन तेल के आयात की अनुमति दी गई है। यह सोयाबीन तेल अफ्रीकी देश- नाइजीरिया मूल का होना चाहिए।
