बांग्ला देश द्वारा पुनः 50 हजार टन चावल के आयात हेतु टेंडर जारी

05-Mar-2025 11:39 AM

ढाका। बांग्ला देश की सरकारी अनाज खरीद एजेंसी द्वारा एक बार फिर 50 हजार टन गैर बासमती सेला चावल के आयात के लिए एक टेंडर जारी किया गया है जिसमें कीमतों का ऑफर जमा करने की अंतिम तिथि 19 मार्च 2025 निश्चित की गई है।

दरअसल बांग्ला देश द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बाजार से विशाल मात्रा में चावल की खरीद के लिए नियमित रूप से टेंडर जारी किए जा रहे हैं।

पिछले साल अगस्त तथा अक्टूबर के दौरान बांग्ला देश के कई भागों में भयंकर बाढ़ आ गई थी जिससे कम से कम 11 लाख टन चावल के समतुल्य धान की फसल बर्बाद हो गई थी। 

चावल का उत्पादन घटने की खबर फैलते ही बांग्ला देश के घरेलू प्रभाग में इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न का भाव ऊंचा और तेज हो गया जिसे नियंत्रित करने के लिए सरकार को विदेशों से आयात बढ़ाने की आवश्यकता पड़ रही है।

प्राइवेट व्यापारियों को भी चावल मंगाने की अनुमति दी गई। पिछली निविदाओं की भांति इस नए टेंडर में भी मूल्य का ऑफर सीआईएफ लाइनर आउट की शर्त पर जमा करने के लिए कहा गया है जिसमें बांग्ला देश के दो बंदरगाहों-चटगांव तथा मोंगला पर चावल को पहुंचाने तथा वहां जहाज पर से माल उतारने का खर्च भी शामिल होना चाहिए। 

निविदा शर्तों के अनुसार यह चावल दुनिया के किसी भी देश का हो सकता है और अनुबंध दिए जाने के बाद 40 दिनों के अंदर इसका शिपमेंट हो जाना चाहिए।

अब तक जो टेंडर वहां जारी हुए इसमें भारतीय चावल को ही सबसे ज्यादा सफलता मिली है। वैसे हाल के दिनों में बांग्ला देश ने वियतनाम से एक लाख टन तथा पाकिस्तान से 50 हजार टन चावल का आयात अनुबंध किया है

और म्यांमार से भी चावल खरीदने के लिए बातचीत की है। लेकिन राजयनिक तनाव के बावजूद भारतीय चावल के आयात पर बांग्ला देश की निर्भरता बढ़ती जा रही है।