बिहार-झारखंड के अनेक जिलों में भारी बारिश से किसानों को राहत
17-Jul-2025 01:00 PM
पटना। पूर्वी भारत के दो महत्वपूर्ण धान उत्पादक राज्यों- बिहार तथा उत्तराखंड के कई जिलों में अब अच्छी बारिश होने लगी है जिससे किसानों को राहत मिलने तथा खरीफ फसलों की बिजाई की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि इन दोनों राज्यों के अनेक जिलों में इस बार मानसून की बारिश का अभाव बना हुआ था और किसान विवश होने लगे थे क्योंकि बिजाई का सीजन बीतता जा रहा था। पिछले दिन बिहार के गया, बेगूसराय एवं मुंगेर सहित कई सूखा ग्रस्त जिलों में भारी वर्षा हुई। वहां लम्बे समय से बारिश की प्रतीक्षा की जा रही थी।
बिहार में खरीफ सीजन के दौरान धान, मक्का एवं मूंग सहित कुछ अन्य फसलों की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। कृषि विशषेज्ञों का कहना है कि अभी जो वर्षा हो रही है उससे न केवल फसलों का बिजाई क्षेत्र बढ़ाने में सहायता मिलेगी बल्कि गन्ना की फसल को काफी फायदा भी होगा। ऐसा प्रतीत होता है कि मानसून की दिशा अब बदल रही है
क्योंकि पिछले दो तीन दिनों से पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड एवं उड़ीसा जैसे पूर्वी राज्यों में अच्छी बारिश होने लगी है। मौसम विभाग के आंकड़ों से पता चलता है कि 1 से 15 जुलाई के दौरान देश के पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भाग में सामान्य औसत से 30 प्रतिशत कम बारिश हुई। वर्षा का सामान्य औसत 148.2 मि०मी० था।
इसी तरह 1 जून से 15 जुलाई के बीच पूर्वी एवं पूर्वोत्तर राज्यों में 421.1 मि०मी० वर्षा दर्ज की गई जो सामान्य औसत 540.2 मि०मी० से 22 प्रतिशत कम थी। कुछ जिलों में सामान्य बारिश हुई थी मगर कई जिले सूखे का संकट झेल रहे थे। अब वहां भी अच्छी वर्षा का दौर शुरू हो गया लगता है।
