बिहार में राशन दुकानों के डीलर्स के कमीशन में बढ़ोत्तरी

28-Aug-2025 04:48 PM

पटना। बिहार सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत संचालित होने वाले राशन दुकानों के लिए डीलर्स के कमीशन में 52 प्रतिशत का भारी इजाफा कर दिया है। इसके साथ ही डीलरों का कमीशन बढ़कर अब 258.40 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा।

खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने इस आशय का एक प्रस्ताव राज्य मंत्रिमंडल के पास भेजा था जिसे अनुमोदित कर दिया गया है। सरकार को उम्मीद है कि इस नए निर्णय से खाद्य वितरण प्रणाली को ज्यादा पारदर्शी एवं सुदृढ़  बनाने में सहायता मिलेगी। 

उल्लेखनीय है कि अभी तक राशन दुकानों के डीलर्स को 90 रुपए प्रति क्विंटल की दर से सामान्य कमीशन मिलता था जिसमें राज्य सरकार एवं केन्द्र सरकार का अंशदान 45-45 रुपए का रहता था। इसके अलावा राज्य योजना पद से भी कमीशन दिया जाता था।

इसके फलस्वरूप डीलर्स को कुल मिलाकर 211.40 रुपए प्रति क्विंटल का कमीशन मिल रहा था। लेकिन राज्य मंत्रिमंडल ने अब राज्यांश में 47 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा करते हुए इसे 92 रुपए प्रति क्विंटल नियत कर दिया है। इस तरह डीलर्स को अब 211.40 रुपए + 47 रुपए यानी 258.40 रुपए प्रति क्विंटल का कमीशन प्राप्त होगा। नया कमीशन अगले महीने (सितम्बर 2025) से प्रभावी हो जाएगा। 

ध्यान देने की बात है कि बिहार में पीडीएस दुकानदारों / डीलर्स की संख्या 50 हजार से भी ज्यादा है और इन सबको सरकारी निर्णय का लाभ प्राप्त होगा। इससे प्रांतीय स्तर पर खाद्यान्न के वितरण में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बढ़ने की अच्छी संभावना रहेगी।

गणना करने से पता चलता है कि अगर कोई डीलर एक माह में लाभार्थियों के बीच 50 क्विंटल अनाज का वितरण करता है तो उसे कमीशन के रूप में 12920 रुपए की राशि प्राप्त होगी।

ज्ञात हो कि इसके अलावा डीलर्स को सरकार की ओर से एक नियत मानदेय भी दिया जाता है। इस तरह डीलर्स की आमदनी में अच्छी बढ़ोत्तरी हो जाएगी।