भारत ब्रांड चना दाल की बिक्री 12.35 लाख टन पर पहुंची

20-Dec-2024 03:43 PM

नई दिल्ली । आम उपभोक्ताओं के बीच भारत ब्रांड के खाद्य उत्पादों की भारी मांग बनी हुई है और इसकी बिक्री में अनवरत इजाफा हो रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस योजना के तहत अब तक 12.35 लाख टन चना दाल 5663 टन मूंग दाल तथा 118 टन मसूर दाल की बिक्री हो चुकी है।

घरेलू प्रभाग में दालों की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों को स्थिर रखने के उद्देश्य से यह योजना आरंभ की गई थी जिसके तहत उपभोक्ताओं को रियायती मूल्य पर दाल उपलब्ध करवाई जा रही है। 

भारत दाल प्रोग्राम जुलाई 2023 में आरंभ किया गया था। सबसे पहले इसमें चना दाल शामिल की गई थी। इसके बाद मूंग दाल एवं मसूर डा को भी इसमें सम्मिलित किया गया। इसके अलावा भारत ब्रांड नाम के तहत गेहूं का आटा तथा चावल भी उपलब्ध करवाया जा रहा है।

इन सभी उत्पादों की बिक्री एक निश्चित मूल्य पर की जाती है जिसे सरकार द्वारा निर्धारित किया जाता है। भारत आटा की बिक्र नवम्बर 2023 से तथा भारत चावल की बिक्री फरवरी 2024 से आरंभ हुई। यह पहला चरण था। 

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक भारत आटा की बिक्री पहले चरण में 15.20 लाख टन पर पहुंची थी जबकि दूसरे चरण में 2952 टन पर पहुंची है। दूसरा चरण अभी जारी है।

इसी तरह पहले चरण में 14.58 लाख टन भारत ब्रांड चावल बेचा गया था जबकि दूसरे चरण में अभी तक 3413 टन की बिक्री होने की सूचना है। दूसरे चरण के लिए आटा तथा चावल का दाम कुछ बढ़ाया गया है। 

भारत ब्रांड नाम के खाद्य उत्पादों की बिक्री मुख्यत: सरकारी एजेंसियों- नैफेड, एनसीसीएफ एवं केन्द्रीय भंडार द्वारा की जा रही है। इसके अलावा ई -कॉमर्स प्लेटफार्म, प्रमुख रिटेल चेन्स तथा मोबाइल वैन के जरिए भी इसकी बिक्री हो रही है।

सरकारी गोदामों में उपलब्ध चना के स्टॉक की मिलिंग एवं पैकिंग करवाकर चना दाल की बिक्री की जाती है। इससे उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है क्योंकि खुले बाजार में इसका भाव काफी ऊंचा चल रहा है।