भारत के लिए प्रमुख निर्यातक देशों में दलहनों के निर्यात ऑफर मूल्य में नरमी

28-Feb-2025 06:05 PM

मुम्बई। भारत में शिपमेंट के लिए ब्राजील, म्यांमार, कनाडा, रूस तथा ऑस्ट्रेलिया जैसे प्रमुख आपूर्तिकर्ता देशों में विभिन्न दलहनों के निर्यात ऑफर मूल्य में साप्ताहिक आधार पर नरमी या स्थिरता दर्ज की गई।

ज्ञात हो कि भारत में इन देशों से मुख्यतः तुवर, उड़द, देसी चना, पीली मटर एवं हरी तथा लाल मसूर का आयात होता है। अभी तक इन सभी दलहनों का शुल्क मुक्त आयात होता रहा है। 

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 20 फरवरी की तुलना में 27 फरवरी 2025 को भारत के लिए उड़द का निर्यात ऑफर मूल्य ब्राजील में 950 डॉलर से घटकर 940 डॉलर प्रति टन पर आ गया जबकि म्यांमार में एफ एक्यू का ऑफर मूल्य 800 डॉलर प्रति टन तथा एस क्यू श्रेणी का ऑफर मूल्य 885 डॉलर प्रति टन के स्तर पर स्थिर बना रहा। ये सभी ऑफर मूल्य मार्च-अप्रैल शिपमेंट के लिए चल रहे थे। 

इसी तरह देसी चना का निर्यात ऑफर मूल्य ऑस्ट्रेलिया में भारत के लिए मार्च-अप्रैल डिलीवरी के वास्ते 710 डॉलर से गिरकर 705 डॉलर प्रति टन तथा अप्रैल-मई शिपमेंट के लिए 720 डॉलर से घटकर 715 डॉलर प्रति टन रह गया।

उधर कनाडा में भारत को अप्रैल-मई में शिपमेंट के लिए हरी मसूर का निर्यात ऑफर मूल्य 1125 डॉलर प्रति टन पर स्थिर रहा।

म्यांमार में मार्च-अप्रैल शिपमेंट के लिए भारत के वास्ते अरुषा तुवर का निर्यात ऑफर मूल्य 20 फरवरी को 820 डॉलर प्रति टन चल रहा था जो 27 फरवरी को घटकर 805 डॉलर प्रति टन रह गया।

जहां तक लाल मसूर का सवाल हैं तो भारत में शिपमेंट के लिए कनाडा में अप्रैल-मई डिलीवरी के वास्ते इसका निर्यात ऑफर मूल्य 730 डॉलर से गिरकर 725 डॉलर प्रति टन रह गया।

उधर ऑस्ट्रेलिया में मार्च-अप्रैल शिपमेंट के लिए यह 15 डॉलर बढ़कर 675 डॉलर प्रति टन पर पहुंचा और अप्रैल-मई शिपमेंट के लिए भी इतनी ही बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। 

भारत को निर्यात के लिए पीली मटर का निर्यात ऑफर मूल्य कनाडा में अप्रैल-मई शिपमेंट के लिए 455 डॉलर से गिरकर 450 डॉलर प्रति टन तथा रूस में मार्च-अप्रैल डिलीवरी के लिए ऑफर मूल्य 400 डॉलर प्रति टन से घटकर 390 डॉलर प्रति टन रह गया।