भारत को शिपमेंट के लिए प्रमुख निर्यातक देशों में दलहनों का ऑफर मूल्य घटा

08-Sep-2025 06:14 PM

चेन्नई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में दलहनों की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम होने तथा आयातक देशों में मांग कमजोर रहने से निर्यात ऑफर मूल्य में नरमी देखी जा रही है। भारत के लिए शिपमेंट के वास्ते भी दलहनों के निर्यात ऑफर मूल्य में 28 अगस्त वाले सप्ताह के मुकाबले 4 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान प्रमुख आपूर्तिकर्ता देशों में काफी गिरावट दर्ज की गई।

उल्लेखनीय है कि भारत में म्यांमार, ऑस्ट्रेलिया, रूस, कनाडा, ब्राजील एवं अफ्रीकी देशों से दलहनों का भारी आयात किया जाता है जिसमें तुवर, उड़द, मसूर, पीली मटर एवं देसी चना मुख्य रूप से शामिल हैं। 

समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान भारत को सितम्बर-अक्टूबर शिपमेंट के लिए उड़द का निर्यात ऑफर मूल्य ब्राजील में 880 डॉलर से गिरकर 875 डॉलर प्रति टन रह गया मगर म्यांमार में एफएसक्यू का भाव 775 डॉलर से सुधरकर 780 डॉलर प्रति टन हो गया और एसक्यू का दाम 860 डॉलर प्रति टन पर स्थिर बना रहा।

जहां तक देसी चना की बात है तो ऑस्ट्रेलिया में भारत को शिपमेंट के लिए इसका ऑफर मूल्य सितम्बर-अक्टूबर डिलीवरी के लिए 620 डॉलर से गिरकर 610 डॉलर प्रति टन तथा अक्टूबर-नवम्बर डिलीवरी के लिए 555 डॉलर से फिसलकर 550 डॉलर प्रति टन रह गया।

इसी तरह कनाडा में हरी मसूर का निर्यात ऑफर मूल्य भारत को अक्टूबर-नवम्बर शिपमेंट के लिए 650 डॉलर से लुढ़ककर 615 डॉलर प्रति टन पर आ गया और लाल मसूर का 580 डॉलर से घटकर 555 डॉलर प्रति टन रह गया।

उधर ऑस्ट्रेलिया में लाल मसूर का निर्यात ऑफर मूल्य 600 डॉलर से लुढ़ककर 560 डॉलर प्रति टन पर अटक गया जबकि सितम्बर-अक्टूबर शिपमेंट के लिए भी ऑफर मूल्य 600 डॉलर से घटकर 580 डॉलर प्रति टन पर आ गया। 

भारत को सितम्बर / अक्टूबर में शिपमेंट के लिए अरहर (तुवर) का ऑफर मूल्य तंजानिया में 610 डॉलर से लुढ़ककर 500 डॉलर प्रति टन रह गया जबकि म्यांमार में यह 700 डॉलर प्रति टन के पिछले स्तर पर बरकरार रहा।

इसी तरह अक्टूबर-नवम्बर डिलीवरी के लिए तुवर का निर्यात ऑफर मूल्य मोजाम्बिक में 535 डॉलर से गिरकर 520 डॉलर प्रति टन तथा मलावी में 520 डॉलर से घटकर 500 डॉलर प्रति टन पर आ गया। म्यांमार का भाव अफ्रीकी देशों से काफी ऊंचा चल रहा है। 

पीली मटर का निर्यात ऑफर मूल्य कनाडा तथा काला सागर क्षेत्र (रूस-यूक्रेन) में समान स्तर पर आ गया है जो काफी हैरानी की बात है। आमतौर पर कनाडा में भाव ऊंचा रहता है।

भारत को अक्टूबर-नवम्बर शिपमेंट के लिए पीली मटर का ऑफर मूल्य कनाडा में 355 डॉलर से गिरकर 350 डॉलर प्रति टन पर आ गया जबकि रूस-यूक्रेन में 350 डॉलर प्रति टन के पिछले स्तर पर बरकरार रहा। कनाडा में 21 अगस्त वाले सप्ताह के दौरान पीली मटर का निर्यात ऑफर मूल्य 390 डॉलर प्रति टन के ऊंचे स्तर पर चल रहा था।