भारत में आयात शुल्क ज्यादा ऊंचा नहीं होने से कनाडा मसूर का अच्छा कारोबार

10-Apr-2025 01:43 PM

रेगिना। हालांकि भारत में मसूर के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा समाप्त होने के बाद इस पर 11 प्रतिशत का शुल्क लगाया गया है मगर यह पूर्व में लागू 33 प्रतिशत के स्तर से काफी कम है।

कनाडा के निर्यातकों का कहना है कि नए शुल्क से कठिनाई थोड़ी बढ़ सकती है लेकिन फिर भी यह मैनेज करने वाला स्तर है।

पश्चिमी कनाडा की मंडियों में लाल मसूर का कारोबार बेहतर होने लगा है और इसका दाम भी सुधरकर 33-35 सेंट प्रति पौंड पर पहुंच गया है।

निर्यात बाजार में कनाडा के प्रमुख प्रतिद्वंदी देश-ऑस्ट्रेलिया में मसूर का उत्पादन घटने से स्टॉक कम बचा हुआ है जबकि इसकी जोरदार मांग भी नहीं देखी जा रही है। 

कनाडा में मसूर की बिजाई का सीजन औपचारिक तौर पर आरंभ हो गया है और जल्दी ही इसकी रफ्तार तेज होने की संभावना है। ऑस्ट्रेलिया में अगले महीने से बिजाई शुरू हो सकती है।

भारत में मसूर के नए माल की भारी आपूर्ति शुरू हो गई है जबकि तुर्की में मई-जून के दौरान नई फसल की कटाई आरंभ होगी। 

कनाडा में आगामी नई फसल की मसूर की खरीद- बिक्री के लिए अग्रिम अनुबंध होने लगा है लेकिन खरीदार अभी इसमें ज्यादा सक्रियता नहीं दिखा रहे हैं।

हल्के कारोबार के बीच अगली नई फसल की मसूर का भाव 28 सेंट प्रति पौंड के आसपास बताया जा रहा है। लेकिन खरीदार इस मूल्य पर मसूर की खरीद का अनुबंध करने से हिचक रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि अगस्त-सितम्बर में जब नया माल आने लगेगा तब लाल मसूर का भाव और भी नीचे जा सकता है।

इसके अलावा अमरीकी टैरिफ नीति से वैश्विक बाजार में होने वाले बदलाव को देखते हुए भी खरीदार भारी मात्रा में मसूर की खरीद करने से कतरा रहे हैं।

जहां तक हरी मसूर का सवाल है तो इसके बाजार पर कुछ दबाव देखा जा रहा है क्योंकि कनाडा में इसका बिजाई क्षेत्र बढ़ने की संभावना है।

मोटी हरी मसूर के वर्तमान स्टॉक का भाव 50-51 सेंट प्रति पौंड तथा आगामी नई फसल का अनुबंध मूल्य 40-42 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है।

छोटी हरी मसूर का दाम क्रमश: 45 सेंट प्रति पौंड एवं 35-37 सेंट प्रति पौंड चल रहा है। अमरीकी टैरिफ नीति से वैश्विक बाजार में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है जिससे मसूर का भाव आगे कुछ और नरम पड़ सकता है।