भारत में सीमा शुल्क पर अनिश्चितता से कनाडा में पीली मटर का बाजार शांत

27-Feb-2025 08:27 PM

वैंकुवर। कनाडा में पीली मटर का बाजार लगभग शांत हो गया है। भारत में 28 फरवरी 2025 को पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अवधि समाप्त हो रही है और अभी तक इसे आगे बढ़ाने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।

यदि दिसम्बर 2023 से पूर्व की स्थिति बहाल की गई तो इस पर 55 प्रतिशत का आयात शुल्क लागू हो जाएगा और कुछ अन्य शर्तें भी लग सकती हैं।

भारत में मटर का भाव निचले स्तर पर स्थिर बना हुआ है जबकि अन्य दलहनों की कीमत भी नरम पड़ी है। ऐसी हालत में पीली मटर का शुल्क मुक्त आयात जारी रखना सरकार पसंद नहीं करेगी। 

भारत और चीन अभी तक कनाडाई पीली मटर के दो सबसे प्रमुख खरीदार बने हुए थे। सीमा शुल्क की अनिश्चित स्थिति को देखते हुए कनाडा तथा रूस से पीली मटर की खरीद करने में भारतीय आयातको की सक्रियता समाप्त हो गई जबकि चीन के आयातक भी सीमित मात्रा में इसकी खरीद कर रहे हैं।

यदि भारत में आयात बंद हुआ तो कनाडा में मटर की बिजाई पर असर पड़ सकता है जो अप्रैल में शुरू होने वाली है। इसके साथ-साथ कीमतों में भी थोड़ी नरमी आ सकती है क्योंकि भारतीय मांग के आधार पर ही वहां इसका भाव मजबूत बना हुआ था।

निर्यात में कमी आने पर कनाडा में मटर का अधिशेष स्टॉक बढ़ जाएगा। अगली नई फसल अगस्त-सितम्बर में आएगी और तब कनाडा को उसके निर्यात के लिए नए बाजारों की तलाश करनी पड़ेगी। इधर भारत में मटर की नई फसल की कटाई-तैयारी होने वाली है।