भारतीय कम्पनी को बांग्ला देश में चावल निर्यात का चार टेंडर हासिल

18-Apr-2025 04:13 PM

मुम्बई। भारतीय चावल के निर्यात शिपमेंट की एक अग्रणी फर्म- बागड़िया ब्रदर्स प्रा० लि० को बांग्ला देश में चावल के निर्यात का चार टेंडर हासिल करने में सफलता मिल गई है।

यह कम्पनी पहले भी वहां चावल का शिपमेंट कर चुकी है और इसकी अच्छी विश्वसनीयता बनी हुई है। एक प्रतिस्पर्धी बिडिंग (बोली) प्रक्रिया से गुजरने के बाद कम्पनी को ये टेंडर प्राप्त हुए हैं क्योंकि इसका ऑफर मूल्य सबसे आकर्षक पाया गया।

50-50 हजार टन के चार टेंडर प्राप्त करने का मतलब यह हुआ कि भारतीय कम्पनी को बांग्ला देश में कुल 2 लाख टन गैर बासमती सेला चावल की आपूर्ति का आर्डर प्राप्त हो गया है। 

इन चारों ट्रेडर्स में चावल का अलग-अलग ऑफर मूल्य उद्घृत किया गया था। उधर बांग्ला देश को इस 2 लाख टन आयातित चावल के सहारे घरेलू प्रभाग में इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों में तेजी को नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी। बांग्ला देश के प्राइवेट व्यापारियों द्वारा भी भारत से भारी मात्रा में चावल का आयात किया गया है। 

हालांकि बांग्ला देश संसार में चावल के अग्रणी उत्पादक राज्यों में शामिल हैं और वहां इसकी विशाल खपत भी होती है इसलिए अक्सर उसे विदेशों और खासकर भारत से इसका भारी आयात करने की आवश्यकता पड़ती है।

पिछले साल प्रतिकूल मौसम एवं प्राकृतिक आपदाओं के प्रकोप के कारण धान की फसल को काफी नुकसान होने से चावल का उत्पादन घट गया था। 

बागड़िया ब्रदर्स ने बांग्ला देश में 50-50 हजार टन चावल का जो चार टेंडर प्राप्त किया है उसमें चावल का निर्यात ऑफर मूल्य एक टेंडर के लिए 456.67 डॉलर प्रति टन, दूसरे के लिए 458.84 डॉलर प्रति टन,

तीसरे के लिए 434.55 डॉलर प्रति टन और चौथे टेंडर के लिए 424.77 डॉलर प्रति टन निर्धारित किया गया है। इसमें शिपमेंट चार्ज एवं अन्य चार्ज भी शामिल हैं। 

भारत से चावल का आयात करना बांग्ला देश के लिए अनेक दृष्टिकोण से लाभदायक साबित होता है। भारत दुनिया में चावल का सबसे बड़ा और स्थायी निर्यातक देश है।

भारत और बांग्ला देश स्थल, रेल और समुद्र- तीनों मार्ग से आपस में जुड़े हुए हैं इसलिए भारत से वहां कम समय में सीमित खर्च के साथ छोटी-छोटी खेपों में भी चावल भेजा जा सकता है।