भारतीय कम्पनी को सिंगापुर से 63 करोड़ रुपए मूल्य के बासमती चावल का ऑर्डर

16-Sep-2025 02:04 PM

नई दिल्ली। भारतीय बासमती चावल के निर्यात में संलग्न एक अग्रणी कम्पनी को सिंगापुर की एक फर्म से 63 करोड़ रुपए मूल्य के प्रीमियम क्वालिटी वाले चावल का चार बड़ा निर्यात ऑर्डर प्राप्त करने में सफलता हासिल हुई है।

इसके तहत प्रीमियम क्वालिटी के सेला बासमती चावल का शिपमेंट किया जाना है। इस बड़ी कामयाबी से कम्पनी की बेहतरीन प्रतिस्पर्धी क्षमता एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भारतीय बासमती चावल की उच्च गुणवत्ता का स्पष्ट प्रमाण मिलता है। अन्य देशों में भी बासमती चावल की अच्छी मांग बनी हुई है। 

उल्लेखनीय है कि अमरीका सरकार ने 50 प्रतिशत का ऊंचा टैरिफ लगाकर भारतीय चावल निर्यातकों को आघात पहुंचाने का प्रयास किया था लेकिन भारत धीरे-धीरे इस संकट से उबरने में सफल होता दिख रहा है।

भारतीय निर्यातकों को नए वैकल्पिक बाजार तलाशने में सफलता मिल रही है। समझा जाता है कि आगामी समय में कुछ अन्य गैर परम्परागत खरीदार देश भारतीय बासमती चावल के आयात में दिलचस्पी दिखा सकते हैं। 

ध्यान देने की बात है कि सिंगापुर की जिस फर्म ने भारतीय कम्पनी के साथ बासमती चावल के आयात का करार किया है वह स्वयं एक ग्लोबल सप्लाई चेन मैनेजमेंट प्रतिष्ठान है जो कृषि उत्पादों के भंडारण प्रसंस्करण एवं परिवहन में संलग्न रहती है।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उच्च क्वालिटी वाले उत्पादों को खरीदारों तक पहुंचाने के लिए इस फर्म द्वारा अत्याधुनिक तकनीक का प्रयोग किया जाता है भारतीय कम्पनी के साथ हुई इस व्यापारिक साझीदारी से वैश्विक बाजार में बासमती चावल की मांग बढ़ाने में सहायता मिलेगी। 

समीक्षकों के मुताबिक यह निर्यात अनुबंध भारतीय बासमती चावल उद्योग के लिए एक सार्थक या सकारात्मक संकेत हैं। दक्षिण-पूर्व एशिया में प्रीमियम क्वालिटी के भारतीय चावल का निर्यात कम होता है और वहां नए-नए बाजारों तक पहुंच बनाने में भारतीय निर्यातकों को अब आसानी हो सकती है।