बेहतर आपूर्ति एवं कमजोर मांग से कोपरा का भाव नरम

22-Dec-2025 09:17 PM

कोच्चि। जुलाई 2025 में नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद कोपरा एवं नारियल तेल का भाव अब नरम पड़ने लगा है। पिछले कुछ दिनों के अंदर इसके दाम में भारी गिरावट आई है। पिछले सप्ताह भी तमिलनाडु में कोपरा का मूल्य 5 रुपए घटकर 172 रुपए किलो तथा नारियल तेल का दाम 3 रुपए गिरकर 243.50 रुपए प्रति किलो पर आ गया।

केरल में भी कीमत नरम रही। वहां कोपरा का भाव घटकर 196 रुपए एवं नारियल तेल का भाव 332 रुपए प्रति किलो रह गया। नारियल तेल का खुदरा मूल्य 360 दर्ज किया गया। 

उल्लेखनीय है जुलाई 2025 में नारियल तेल का मूल्य उछलकर 393 रुपए प्रति किलो तथा कोपरा का मूल्य 261 रुपए प्रति किलो के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया था।

ओणम पर्व के समय तो नारियल तेल का खुदरा बाजार भाव उछलकर 470 रुपए प्रति किलो के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया था जो अब 360 रुपए पर आ गया है। 

कोचीन ऑयल मर्चंट्स एसोसिएशन (कोमा) के अध्यक्ष का कहना है कि नई फसल की तुड़ाई-तैयारी का सीजन आरंभ होने से नारियल एवं इसके उत्पादों की कीमतों पर दबाव पड़ रहा है।

इसके अलावा ऊंचे दाम पर स्थानीय एवं दिसावरी मांग कमजोर पड़ने का उपयोग बढ़ाना शुरू कर दिया तब  बाजार नरमी की चपेट में आ गया।

चालू सीजन के दौरान केरल, कर्नाटक एवं तमिलनाडु में नारियल एवं कोपरा अधिशेष उत्पादन होने की उम्मीद है जिससे आगामी महीनों के दौरान कोपरा एवं नारियल तेल की कीमतों में कुछ और नरमी आने की संभावना है।