बेहतर उत्पादन एवं सीमित कारोबार के कारण कनाडा में काबुली चना का भाव स्थिर

20-Dec-2024 06:24 PM

विनीपेग । पश्चिमी कनाडा में काबुली चना का सीमित कारोबार होने से चालू सप्ताह के दौरान कीमतों में काफी हद तक स्थिरता देखी जा रही है।

सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन ने चना का घरेलू उत्पादन काफी बढ़ने का अनुमान लगाया है लेकिन व्यापारी एवं निर्यातक इसकी खरीद से अब ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।

दरअसल माना जा रहा है कि 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रम्प के राष्ट्र्पति बनने के बाद अमरीकी प्रशासन कनाडा तथा मैक्सिको के उत्पादों पर 25 प्रतिशत का आयात शुल्क लगा सकता है। ध्यान देने वाली बात है कि कनाडा से लगभग 25 प्रतिशत काबुली चना का निर्यात अकेले अमरीका को किया जाता है।

सीमा शुल्क लगने की आशंका को देखते हुए आयातक-निर्यातक दूरस्थ पोजीशनों की डिलीवरी के लिए अनुबंध करने से हिचक रहे हैं। अन्य देशों में निर्यात के लिए काबुली चना की थोड़ी-बहुत खरीदारी हो रही है। 

सस्कैचवान के प्लांटों को डिलीवरी के लिए काबुली चना का भाव 40 सेंट प्रति पौंड के पिछले स्तर पर स्थिर बना हुआ है। कारोबार की गति धीमी है जबकि उत्पादकों के पास स्टॉक अधिक है।

ऑस्ट्रेलिया में देसी चना का शानदार उत्पादन होने का अनुमान लगाया गया है जबकि भारत में चना का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष से आगे चल रहा है। अगली फसल के लिए अभी कोई अग्रिम सौदा होने की सूचना नहीं मिली है।

कनाडा में चना की बिजाई अप्रैल-मई में होगी। खरीदारों का ध्यान अमरीकी सरकार के आगामी निर्णय पर केन्द्रित है। कनाडा में माल का स्टॉक ज्यादा है इसलिए निर्यातक अमरीकी निर्णय का इंतजार कर सकते हैं।

कुल समीक्षकों का मानना है कि बेहतर रिटर्न मिलने पर कनाडा और अमरीका के किसान अगले साल क्षेत्रफल बढ़ा सकते हैं।