बेहतर उत्पादन के संकेत से कनाडा में मसूर का कारोबार धीमा
28-Aug-2025 03:29 PM
वैंकुवर। पश्चिमी कनाडा में प्रेयरीज संभाग के दोनों शीर्ष उत्पादक प्रांतों-सस्कैचवान एवं अल्बर्टा में मसूर की नई फसल की कटाई-तैयारी जोर पकड़ने लगी है और मंडियों में बढ़ती आवक के साथ कारोबार धीमे पड़ने लगा है।
इसके फलस्वरूप आगामी समय में इसकी मांग एवं कीमत के बारे में कोई निश्चित अनुमान लगाना कठिन हो गया है। अगैती कटाई वाली फसल की उपज दर सामान्य औसत या उससे ऊपर देखी जा रही है जिससे कुल उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसे देखते हुए खरीदार शांत और सुस्त पड़ गए हैं।
मसूर की खरीद में उसकी सक्रियता घट गई है। कहीं-कहीं तो खरीदारों ने लिवाली का अपना प्लान भी स्थगित कर दिया है क्योंकि उन्हें आगामी समय में इस महत्वपूर्ण दलहन का भाव और नरम पड़ने की उम्मीद है।
जानकार सूत्रों के अनुसार अब तक हुई कटाई के तहत मसूर की क्वालिटी काफी अच्छी है मगर कई इलाकों में हुई लेट सीजन की वर्षा से गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे क्षेत्रों में फसल की कटाई-तैयारी में भी देर हो जाएगी क्योंकि वहां खेतों में पानी भरा हुआ है।
सस्कैचवान की मंडियों में मसूर का भाव अस्थिर बना हुआ है और प्रत्येक दो-तीन घंटा पर इसमें बदलाव होता रहता है इसलिए कीमतों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता जा रहा है।
अस्थिर बाजार को देखते हुए खरीदार और विक्रेता- सतर्क हो गए हैं इसलिए कारोबार बहुत कम हो रहा है। सामान्य संकेत के अनुरूप नम्बर 2 क्वालिटी की मोटी हरी मसूर का भाव 27 सेंट प्रति पौंड तथा नम्बर 1 ग्रेड की छोटी हरी मसूर का दाम गिरकर 25 सेंट प्रति पौंड के आसपास आ गया है। इसी तरह लाल मसूर के नम्बर 2 ग्रेड वाले माल का भाव गिरकर 24-25 सेंट प्रति पौंड रह गया है।
व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि जो उत्पादक अपनी मसूर के स्टॉक को बेचने के इच्छुक है उन्हें जल्दी से जल्दी इसकी बिक्री का प्रयास करना चाहिए क्योंकि आगामी समय के दौरान बाजार में अनिश्चितता बढ़ सकती है।
रूस में नई मसूर आने लगी है जबकि ऑस्ट्रेलिया में सितम्बर के अंतिम या अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में आने लगेगी। तब वैश्विक बाजार में कनाडा के लिए चुनौती बढ़ जाएगी। ऑस्ट्रेलिया तथा रूस में मसूर का बेहतर उत्पादन होने का अनुमान है जिससे कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है।
