बेहतर उत्पादन की उम्मीद से कनाडा में मसूर का भाव नीचे स्तर पर स्थिर

11-Sep-2025 04:22 PM

सस्काटून। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में चालू सप्ताह के दौरान मसूर का भाव काफी हद तक स्थिर देखा जा रहा है। बेहतर उत्पादन के बावजूद बाजार पर बिक्री का कोई खास दबाव नहीं है और खरीदार भी धीरे-धीरे बाजार में सक्रिय होने लगे हैं।

उम्मीद की जा रही है कि मसूर की कीमतों में आगामी दिनों के दौरान ज्यादा नरमी नहीं आएगी क्योंकि पहले ही यह घटकर काफी नीचे आ चुका है। 

आपूर्ति के समय एवं स्थान के अनुरूप कनाडा में फिलहाल मोटी हरी मसूर का भाव करीब 24 सेंट प्रति पौंड एफओबी फार्म तथा लाल मसूर का दाम 21-22 सेंट प्रति पौंड चल रहा है। छोटी हरी मसूर का बाजार शांत बना हुआ है

और 20 सेंट प्रति पौंड से नीचे के मूल्य स्तर पर भी इसमें खरीदारों की सीमित मांग देखी जा रही है। उपज दर की आरंभिक रिपोर्ट तथा बिजाई क्षेत्र में हुई बढ़ोत्तरी को देखते हुए लगता है कि कीमतों में स्थिरता या नरमी का माहौल आगे भी बरकरार रह सकता है।

चालू सीजन के दौरान एक खास बात यह देखी जा रही है कि विभिन्न किस्मों एवं श्रेणियों की मसूर के दाम में काफी विविधता है  जो हाल के वर्षों में बहुत कम देखी गई है। इसका कारण यह है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह के दौरान प्रमुख उत्पादक इलाकों में हुई भारी बेमौसमी वर्षा से मसूर के दाने की क्वालिटी काफी प्रभावित हुई।

कुल मिलाकर इस बार हल्की क्वालिटी वाली मसूर का उत्पादन गत वर्ष से अधिक होने की संभावना है। उत्पादकों को दाम घटाकर इसे बेचने के लिए विवश होना पड़ेगा। अच्छी क्वालिटी के माल की उपलब्धता कम रहने की संभावना है इसलिए उसकी कीमतों में ज्यादा गिरावट आना मुश्किल लगता है। 

अगले महीने से ऑस्ट्रेलिया में नई मसूर की आवक शुरू होने वाली है और वहां फसल की हालत अच्छी होने से उत्पादन बढ़ने के आसार हैं। इससे कनाडा के निर्यातकों के लिए भारत जैसे महत्वपूर्ण बाजार में चुनौती एवं प्रतिस्पर्धा बढ़ जाएगी।

स्वयं कनाडा में भी मसूर का उत्पादन बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। भारत में मसूर के आयात पर 10 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगा हुआ है और फिलहाल घरेलू बाजार भाव एक निश्चित सीमा में लगभग स्थिर बना हुआ है।