ब्राजील एवं म्यांमार में उड़द तथा तंजानिया-मोजाम्बिक में तुवर का निर्यात मूल्य बढ़ा

12-Sep-2025 08:43 PM

मुम्बई। भारत को निर्यातकों के लिए 4 सितम्बर वाले सप्ताह की तुलना में 11 सितम्बर को ब्राजील एवं म्यांमार में उड़द का ऑफर मूल्य 20-25 डॉलर प्रति टन तथा अफ्रीकी देश- तंजानिया एवं मोजाम्बिक में अरहर (तुवर) का ऑफर मूल्य 10-15 डॉलर प्रति टन बढ़ गया जबकि अन्य दलहनों का ऑफर मूल्य विभिन्न निर्यातक देशों में या तो स्थिर रहा या कुछ नीचे आ गया। इसमें मसूर, मटर एवं देसी चना शामिल है। 

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार भारत को सितम्बर-अक्टूबर शिपमेंट के लिए उड़द का निर्यात ऑफर ब्राजील में 25 डॉलर बढ़कर 900 डॉलर प्रति टन तथा म्यांमार में 20 डॉलर सुधरकर एफएक्यू श्रेणी के लिए 800 डॉलर प्रति टन तथा एसक्यू माल के लिए 880 डॉलर प्रति टन पर पहुंच गया। 

देसी चना का निर्यात ऑफर मूल्य भारत को सितम्बर-अक्टूबर शिपमेंट के लिए ऑस्ट्रेलिया में 610 डॉलर प्रति टन पर स्थिर रहा मगर अक्टूबर-नवम्बर डिलीवरी के लिए 5 डॉलर घटकर 545 डॉलर प्रति टन पर आ गया।

हरी मसूर का ऑफर मूल्य रूस में सितम्बर-अक्टूबर डिलीवरी के लिए 710 डॉलर से घटकर 695 डॉलर प्रति टन तथा कनाडा में अक्टूबर-नवम्बर डिलीवरी के लिए 615 डॉलर प्रति टन से गिरकर 610 डॉलर प्रति टन रह गया।

जहां तक तुवर का सवाल है तो तंजानिया में इसका ऑफर मूल्य सितम्बर-अक्टूबर के लिए 500 डॉलर से बढ़कर 515 डॉलर प्रति टन तथा मोजाम्बिक में अक्टूबर-नवम्बर डिलीवरी के लिए 520 डॉलर से सुधरकर 530 डॉलर प्रति टन पर पहुंचा

मगर म्यांमार में  सितम्बर-अक्टूबर के शिपमेंट हेतु 10 डॉलर घटकर 690 डॉलर प्रति टन पर आ गया। मलावी में अक्टूबर-नवम्बर डिलीवरी के लिए तुवर का ऑफर मूल्य 500 डॉलर प्रति टन के पिछले स्तर पर स्थिर रहा।

अक्टूबर-नवम्बर में भारत के शिपमेंट के लिए लाल मसूर का ऑफर मूल्य कनाडा में 5 डॉलर गिरकर 550 डॉलर प्रति टन और ऑस्ट्रेलिया में 20 डॉलर घटकर 540 डॉलर प्रति टन रह गया।

इसी माह की डिलीवरी के लिए पीली मटर का ऑफर मूल्य कनाडा में 10 डॉलर घटकर 340 डॉलर प्रति टन पर आया जबकि रूस-यूक्रेन में 350 डॉलर प्रति टन पर स्थिर रहा।