ब्राजील में सोयाबीन फसल की कटाई अंतिम चरण में पहुंची
21-Apr-2025 05:35 PM
साओ पाउलो। दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित दुनिया के सबसे प्रमुख सोयाबीन उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील में 2024-25 सीजन की फसल की कटाई-तैयारी बिल्कुल अंतिम चरण में पहुंच गई है।
दो शीर्ष उत्पादक प्रांतों- माटो ग्रोसो एवं पराना में फसल कट चुकी है मगर तीसरे प्रमुख उत्पादक राज्य- रियो ग्रैंड डो सूल में थोड़ी-बहुत कटाई अभी बाकी है।
देश के सुदूर दक्षिणी भाग में स्थित इस प्रान्त में सोयाबीन की बिजाई एवं कटाई लेट से होती है। इस बार वहां मौसम की हालत सोयाबीन की फसल के लिए अनुकूल नहीं रही और फसल को प्राकृतिक आपदाओं का भी सामना करना पड़ा।
इसे देखते हुए गोईआस इस बार रियो ग्रैंड डो सूल को पीछे छोड़कर ब्राजील का तीसरा सबसे प्रमुख सोयाबीन उत्पादक प्रान्त बन सकता है।
माटो ग्रोसो में 495 लाख टन की रिकॉर्ड पैदावार के साथ समूचे ब्राजील में 2024-25 सीजन के दौरान तेजी से उछलकर 1690 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है जिससे उसे इसका निर्यात बढ़ाने में भी अच्छी सफलता मिल जाएगी।
चूंकि चीन और अमरीका के बीच भयंकर टैरिफ बार चल रहा है इसलिए चीन में अमरीकी सोयाबीन आयात ठप्प पड़ सकता है जबकि अमरीकी सोयाबीन के लिए चीन सबसे प्रमुख बाजार माना जाता है।
पिछले दिनों रियो ग्रैंड डो सूल में भारी बारिश होने से सोयाबीन फसल की कटाई में बाधा पड़ी। ब्राजील में 90 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में फसल की कटाई पूरी हो चुकी है।
वहां 15 मई से 'सोयाबीन मुक्त अवधि' लागू हो जाएगी जो कमोबेश 15 सितम्बर तक जारी रहेगी। इसके फलस्वरूप 15 मई से पूर्व ब्राजील में सोयाबीन फसल की कटाई होना आवश्यक है।
