बारिश की कमी से बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर घटा

07-Feb-2025 07:34 PM

नई दिल्ली । देश के अधिकांश भागों में मानसून के बाद एवं शीतकाल के दौरान वर्षा का अभाव रहने से 155 प्रमुख बांधों एवं जलाशयों में पानी का स्तर घटकर काफी नीचे आ गया है।

केन्द्रीय जल आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार चालू सप्ताह के दौरान इन जलाशयों में केवल 110.204 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पानी का स्टॉक बचा हुआ है तो इसकी कुल भंडारण क्षमता 180.852 बीसीएम का 61 प्रतिशत है। वैसे पानी का यह स्टॉक गत वर्ष तथा दस वर्षीय औसत से ज्यादा है। 

आयोग की साप्तहिक रिपोर्ट (बुलेटिन) के अनुसार कुल भंडारण क्षमता के सापेक्ष पानी का स्तर देश के दक्षिणी, पूर्वी तथा उत्तरी क्षेत्र के जलाशयों में घटकर 60 प्रतिशत या उससे नीचे आ गया है।

पंजाब तथा बिहार की हालत सबसे ज्यादा खराब है। पंजाब में जलस्तर मात्र 16 प्रतिशत तथा बिहार में 23 प्रतिशत रह गया है। कुछ अन्य राज्यों में भी इसमें भारी गिरावट आई है। 

मौसम विभाग के मुताबिक देश के जिन 718 जिलों से आंकड़े एकत्रित किये जाते हैं उसमें से 50 प्रतिशत जिलों में बारिश बिल्कुल नहीं हुई जबकि अन्य 36 प्रतिशत जिलों में भी सामान्य से बहुत कम वर्षा हुई।

गत सप्ताह मौसम विभाग ने देश के अधिकांश भागों में उच्चतम एवं न्यूनतम तापमान सामान्य औसत से ऊंचा रहने तथा बारिश समान्य औसत से कम होने का अनुमान व्यक्त किया था।

आईएमडी के महानिदेशक ने कहा था कि फरवरी के मौसम से गेहूं, चना एवं सरसों जैसी प्रमुख रबी फसलें आंशिक रूप से प्रभावित हो सकती है।