बादामगिरी में गिरावट
18-Jul-2025 06:45 PM
अमेरिका में बादाम उत्पादन अधिक
नई दिल्ली। बादाम के प्रमुख उत्पादक देश अमेरिका में दूसरे वर्ष भी बादाम का उत्पादन अधिक होने के समाचार है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में अमेरिका के बादाम का उत्पादन 2470 मिलियन पौंड का रहा था जोकि वर्ष 2024 में बढ़कर 800 मिलियन पौंड का हुआ है। अभी तक मिल रहे समाचारों के अनुसार चालू वर्ष 2025 में उत्पादन 3000 मिलियन पौंड होने के समाचार मिल रहे हैं।
निर्यात भाव
सूत्रों का कहना है कि कैलिफोर्निया में अगस्त माह के नई शिपमेंट का भाव 2.4 डॉलर प्रति पौंड बोला जा रहा है जबकि सितम्बर माह को शिपमेंट का भाव 2 डॉलर प्रति पौंड बोला जा रहा है। लेकिन वर्तमान भावों पर लिवाल नहीं है। क्योंकि बढ़ते उत्पादन के कारण लिवाल की संभावना है कि जल्द ही भाव 1.80/1.85 डॉलर प्रति पौंड पर आ जाएगी तत्पश्चात लिवाली बढ़ेगी।
आयात बढ़ा
चालू वर्ष 2025 के प्रथम छ माह में भारतीय आयातकों ने बादाम का आयात अधिक मात्रा में किया है। एक अनुमान के अनुसार जनवरी-जून 2024 के दौरान भारतीय आयातकों ने 5722 कंटेनर (प्रत्येक एक कंटेनर 20 टन) का आयात किया था जनवरी-जून 2025 के दौरान आयात 6947 कंटेनर का किया गया है। आगामी दिनों में भी आयात अच्छा रहने के संकेत मिल रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि चीन एवं अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण चीन अमेरिका से बादाम का आयात कम करेगा। जिस कारण से भारत में आयात बढ़ने की संभावना है।
कीमतों में गिरावट
बढ़ते आयात एवं हाजिर में कमजोर मांग के कारण भारतीय बाजारों में बादामगिरी के भाव मंदे के साथ बोले जा रहे हैं। वर्तमान में दिल्ली बाजार में बादामगिरी का भाव घटकर 715/720 रुपए प्रति किलो पर आ गया है। जबकि चालू माह के शुरू में भाव 735/740 रुपए बोला जा रहा है। वर्तमान हालात को देखते हुए अभी भी बाजार में धारणा मंदे की बनी हुई है।
मन्दा-तेजी
कारोबारियों का कहना है कि अभी हाल-फिलहाल कीमतों में तेजी की संभावना नहीं है लेकिन त्यौहारी सीजन शुरू हो जाने के पश्चात कीमतों में तेजी संभव है जोकि अल्पकाल के लिए होगी। त्यौहारी सीजन समाप्त हो जाने के पश्चात कीमतों में फिर गिरावट शुरू हो जाएगी। क्योंकि चालू सीजन के प्रथम छ माह के दौरान आयात बढ़ने के कारण स्टॉकिस्टों के पास पर्याप्त स्टॉक है।
