बंदरगाहों पर खाद्य तेलों के स्टॉक में 13 प्रतिशत की वृद्धि
19-Sep-2025 02:50 PM
मुम्बई। अगस्त माह के दौरान विदेशों से भारी आयात होने और सितम्बर में भी इसका सिलसिला जारी रहने से भारतीय बंदरगाहों पर खाद्य तेलों का स्टॉक 31 अगस्त के 8,59,250 टन से 13 प्रतिशत बढ़कर 15 सितम्बर को 9,71,409 टन पर पहुंच गया।
त्यौहारी सीजन को देखते हुए देश में खाद्य तेलों का आयात तेजी से बढ़ रहा है। सितम्बर में भी विशाल आयात के संकेत मिल रहे हैं।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 31 अगस्त की तुलना में 15 सितम्बर को भारतीय बंदरगाहों पर क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का स्टॉक 4,19,709 टन से 8 प्रतिशत सुधरकर 4,53,181 टन, क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल का स्टॉक 1,94,819 टन से 37 प्रतिशत उछलकर 2,65,950 टन,
क्रूड सूरजमुखी तेल का स्टॉक 2,00,020 टन से 7 प्रतिशत बढ़कर 2,13,246 टन तथा अन्य खाद्य तेलों का स्टॉक 11,975 टन से 8 प्रतिशत सुधरकर 12,940 टन पर पहुंचा मगर आरबीडी पामोलीन का स्टॉक 32,726 टन से 20 प्रतिशत घटकर 26,092 पर अटक गया।
उल्लेखनीय है कि भारत में मुख्यत: इंडोनेशिया, मलेशिया एवं थाईलैंड से पाम तेल (क्रूड एवं रिफाइंड), अर्जेन्टीना एवं ब्राजील से क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल तथा रूस- यूक्रेन एवं अर्जेन्टीना से सूरजमुखी तेल का आयात बड़े पैमाने पर किया जाता है। पिछले पांच वर्षों में पहली बार अगस्त 2025 में 6000 टन रेपसीड-कैनाल तेल का भी आयात किया गया।
घरेलू प्रभाग में खरीफ कालीन तिलहन फसलों- सोयाबीन एवं मूंगफली की आवक अगले महीने से जोर पकड़ने की संभावना है। सीमा शुल्क में अंतर बढ़ने से रिफाइंड पामोलीन का आयात कमजोर पड़ने लगा है लेकिन क्रूड श्रेणी के खाद्य तेलों के आयात में अच्छी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। वैश्विक बाजार भाव कुछ नरम चल रहा है।
