बांधों जलाशयों में पानी का भंडार 37 प्रतिशत से भी कम

18-Apr-2025 11:00 AM

नई दिल्ली। केन्द्रीय जल आयोग के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि देश के 161 प्रमुख बांधों एवं जलाशयों में उसकी कुल भंडारण क्षमता के साथ पानी का भंडार घटकर 36.64 प्रतिशत रह गया है। इनमें से 70 सरोवरों में जल स्तर 50 प्रतिशत के नीचे है।

आयोग के साप्ताहिक आंकड़ों के मुताबिक इन 161 बांधों- जलाशयों में पानी की कुल भंडारण क्षमता 182.375 बिलियन क्यूबिक मीटर्स (बीसीएम) की है जबकि इसमें केवल 66.823 बीसीएम पानी का स्टॉक बचा हुआ है। वैसे यह स्टॉक गत वर्ष की समान अवधि तथा दस वर्षीय औसत भंडार से कुछ अधिक है। 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की रिपोर्ट के अनुसार देश के 715 जिलों में से कम से कम 51 प्रतिशत जिलों में 1 मार्च से 17 अप्रैल के बीच बारिश नहीं या नगण्य हुई जबकि तापमान काफी ऊंचा रहा। इसके फलस्वरूप जल स्तर में भारी गिरावट आ गई। 

आयोग के आंकड़ों के मुताबिक 82 जलाशयों में जल स्तर घटकर 40 प्रतिशत से नीचे आ गया जबकि 33 अन्य बांधों में पानी 50 प्रतिशत से कम रहा। पिछले सप्ताह इसकी संख्या क्रमश: 65 एवं 33 रही थी।

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बारिश होने के कारण उत्तरी जोन के बांधों में पानी का स्तर कुछ सुधर गया। उत्तरी क्षेत्र में 11 जलाशयों में पानी की कुल भंडारण क्षमता 19.836 बीसीएम की है।

पिछले सप्ताह उसमें 22.96 प्रतिशत पानी का भंडार था जो चालू सप्ताह में सुधरकर 23.41 प्रतिशत या 4.644 बीसीएम पर पहुंच गया।

पंजाब में जलस्तर 17.57 प्रतिशत से बढ़कर 23.20 प्रतिशत पर पहुंचा मगर हिमाचल प्रदेश में घटकर 16.25 प्रतिशत तथा राजस्थान में गिरकर 41.30  प्रतिशत रह गया।

हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा एवं बर्फबारी होने लगी है। पूर्वी क्षेत्र के बांधों-जलाशयों में 21.655 बीसीएम की कुल भंडारण क्षमता की तुलना में पानी का स्टॉक महज 7.136 बीसीएम या 32.95 प्रतिशत ही बचा हुआ है।