बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक घटना जारी
17-Apr-2026 11:12 AM
नई दिल्ली। केन्द्रीय जल आयोग के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि देश भर के 166 प्रमुख बांधों- जलाशयों में पानी का स्टॉक घटकर 78.481 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पर आ गया है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 18.565 बीसीएम का 42.5 प्रतिशत है।
देश के पांच संभागों में से चार क्षेत्रों में जल स्तर 50 प्रतिशत से नीचे है। आयोग के अनुसार वैसे मौजूदा जल स्तर गत वर्ष की तुलना में 16 प्रतिशत तथा दस वर्षीय औसत के मुकाबले 27 प्रतिशत बिंदु ऊपर है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 1 मार्च से 16 अप्रैल 2026 के दौरान देश के 725 जिलों में से 30 प्रतिशत जिलों में बारिश नहीं या नगण्य हुई। इससे पूर्व जनवरी-फरवरी 2026 में देश के 70 प्रतिशत से अधिक भाग में शीतकालीन वर्षा का अभाव रहा था।
मध्य मार्च से अप्रैल के प्रथम सप्ताह तक देश के कुछ भागों में थोड़ी-बहुत वर्षा हुई लेकिन इससे बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक नहीं बढ़ सका। जून से खरीफ कालीन फसलों की बिजाई शुरू होने वाली है और इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून भी कमजोर रहने की संभावना है। ऐसी हालत में बांधों-जलाशयों में पानी का घटता स्तर जटिल समस्या पैदा कर सकता है।
