बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर 47 प्रतिशत पर आया
04-Apr-2026 12:35 PM
नई दिल्ली। देश के 166 प्रमुख बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक घटकर उसकी कुल भंडारण क्षमता का 47 प्रतिशत रह गया है जो कृषि क्षेत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। देश के पांच क्षेत्रों में से तीन संभाग में जल स्तर 50 प्रतिशत से नीचे है। जल स्तर में निरन्तर गिरावट आ रही है।
केन्द्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार 166 प्रमुख बांधों-जलाशयों में पानी का कुल भंडार क्षमता 183.565 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) की है जबकि उसमें सिर्फ 85.698 बीसीएम पानी का स्टॉक बचा हुआ है। उधर मौसम विभाग के आंकड़ों से पता चलता है
कि देश के जिन 725 जिलों से मौसम सम्बन्धी आंकड़े एकत्रित किए जाते हैं उसमें से 35 प्रतिशत जिलों में 1 मार्च से अब तक बारिश नहीं हुई। कुल मिलाकर देश के 70 प्रतिशत से अधिक जिलों में वर्षा का अभाव बना हुआ है। यदि अप्रैल-मई में मानसून-पूर्व की अच्छी बारिश नहीं हुई तो खरीफ फसलों की खेती में देर हो सकती है।
