बांधों-जलाशयों में पानी के स्तर में गिरावट का सिलसिला जारी
09-Mar-2026 06:04 PM
नई दिल्ली। बारिश की भारी कमी एवं तेजी से बढ़ते तापमान के कारण देश के बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर लगातार घटता जा रहा है। चालू वर्ष के आरंभ से अब तक देश के 70 प्रतिशत से अधिक भाग में वर्षा नहीं या नगण्य हुई है और निकट भविष्य में बारिश के आसार भी बहुत कम हैं।
केन्द्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार देश भर के 166 प्रमुख बांधों- जलाशयों में पानी का स्तर घटकर 104.333 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) रह गया है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 183.565 बीसीएम का 56.73 प्रतिशत है। दक्षिण भारत में तो जल स्तर और भी घटकर 50 प्रतिशत से नीचे आ गया है।
दिलचस्प तथ्य यह है कि बांधों-जलाशयों का मौजूदा जल स्तर गत वर्ष की तुलना में 13 प्रतिशत एवं दस वर्षीय औसत के मुकाबले 27 प्रतिशत ऊंचा है। मौसम विभाग के अनुसार देश के जिन 719 जिलों में मौसम सम्बन्धी आंकड़े जुटाए जाते हैं उसमें से 91 प्रतिशत जिलों में मार्च के शुरुआती 8 दिनों में बारिश बिल्कुल नहीं हुई। जनवरी-फरवरी में भी 70 प्रतिशत जिलों में वर्षा का अभाव रहा था।
