चालू माह के दौरान रूस से गेहूं का शानदार निर्यात होने का अनुमान
22-May-2024 06:47 PM
मास्को । एक अग्रणी कृषि परामर्श फर्म के विशेषज्ञों ने कहा है कि चालू माह के दौरान रूस से गेहूं का निर्यात बढ़कर पिछले साल के 41 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकता है जो मई के पंचवर्षीय औसत निर्यात 15 लाख टन से बहुत ज्यादा है।
विश्लेषकों के अनुसार कीमतों की दृष्टि से रूस का गेहूं अत्यन्त आकर्षक या प्रतिस्पर्धी स्तर पर है इसलिए प्रमुख आयातक देशों में इसकी भारी मांग देखी जा रही है।
मध्य मई में रूस के गेहूं का निर्यात ऑफर मूल्य 238 डॉलर प्रति चल रहा था जो फ्रांस के गेहूं से 21 डॉलर प्रति टन नीचे था। रूसी गेहूं एवं फ्रेंच गेहूं के बीच का यह मूल्यांतर जुलाई 2023 के बाद सबसे बड़ा था जब रूस ने यूक्रेन के साथ अनाज निर्यात का करार भंग कर दिया था।
दरअसल खराब मौसम के कारण रूस में गेहूं की फसल की हालत कमजोर पड़ती जा रही है और इसके उत्पादन अनुमान में कटौती होने लगी है। इससे कीमतों को समर्थन मिल रहा है।
देश के मध्यवर्ती एवं दक्षिणी भाग में प्रतिकूल मौसम को देखते हुए कृषि परामर्श फर्म ने रूस से गेहूं का उत्पादन अनुमान 72 लाख टन घटाकर 857 लाख टन नियत किया है।
उत्पादन में गिरावट की आशंका को देखते हुए आयातक देशों में रूसी गेहूं की मांग काफी बढ़ गई है। मिस्र की सरकारी एजेंसी- जीएएससी ने 8 मई को 3 लाख टन रूसी गेहूं तथा 60 हजार टन रोमानिया गेहूं की खरीद की।
उससे पूर्व मिस्र ने 16 अप्रैल को यूक्रेन से 1.20 लाख टन गेहूं खरीदा था। यूक्रेन से गेहूं के निर्यात की गति धीमी पड़ने से भी रुसी गेहूं की मांग बढ़ती जा रही है।
रूसी निर्यातकों की गतिविधि एवं सक्रियता काफी बढ़ गई है। 21 मई को रूसी गेहूं की बकाया बिक्री की मात्रा बढ़कर 19 लाख टन हो गई जो अप्रैल की मात्रा 9 लाख टन के दोगुने से भी ज्यादा था।
