चालू माह में अब तक कनाडाई मसूर के दाम में विशेष उतार-चढ़ाव नहीं
11-Dec-2024 12:13 PM
रेगिना । कनाडा का मसूर बाजार पिछले कई दिनों से सीमित उतार-चढ़ाव के साथ एक निश्चित सीमा में लगभग स्थिर बना हुआ है। लाल मसूर का एफओबी फार्म मूल्य 33-34 सेंट प्रति पौंड पर बरकरार है जबकि अगले वर्ष की नई फसल के लिए खरीद-बिक्री का अग्रिम अनुबंध अभी पूरी तरह आरंभ नहीं हुआ है।
आगामी सीजन के दौरान मसूर के बिजाई क्षेत्र एवं उत्पादन के मुद्दे पर भी कोई खास चर्चा नहीं हो रही है। मसूर की बिजाई अगले साल अप्रैल-जून के दौरान होगी और अगस्त 2025 से इसका नया माल आने लगेगा।
जहां तक हरी मसूर का सवाल है तो ऐसा प्रतीत होता है कि इसकी मांग धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी है लेकिन कीमतों में स्थिरता का माहौल बरकरार है।
नम्बर 1 ग्रेड की छोटी हरी मसूर का दाम 53-54 सेंट प्रति पौंड (एफओबी) तथा नम्बर 2 ग्रेड की मोटी हरी मसूर का भाव 58-60 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है।
उधर अमरीका में मीडियम ग्रेड की हरी मसूर का मूल्य 40 सेंट प्रति पौंड के आसपास चल रहा है। अगली नई फसल की हरी मसूर का थोड़ा-बहुत अग्रिम सौदा होने लगा है। आगामी दिनों में अनुबंध की गति एवं संख्या बढ़ सकती है।
आरंभिक संकेतों से पता चलता है कि वर्ष 2025 के दौरान कनाडा में हरी मसूर का बिजाई क्षेत्र कुछ बढ़ सकता है क्योंकि इसका भाव किसानों के लिए आकर्षक बना हुआ है।
वहां किसान अगले सीजन की खेती के लिए बीज का प्रबंध करने में जुट गए हैं। वैसे बिजाई शुरू होने में चार माह से अधिक समय बचा हुआ है।
कनाडा के लाल मसूर उत्पादकों एवं निर्यातकों का ध्यान ऑस्ट्रेलिया के उत्पादन पर केन्द्रीय है जहां फसल की कटाई-तैयारी अंतिम चरण में पहुंच रही है।
वहां मसूर के उत्पादन में इस बार भारी गिरावट आने की आशंका है क्योंकि प्रमुख उत्पादक राज्यों में मौसम प्रतिकूल होने से फसल की औसत उपज दर काफी घट गई है। इधर भारत में मसूर की अच्छी बिजाई होने के संकेत मिल रहे हैं।
