चालू सप्ताह में तुवर का भाव कुछ सुधरने की उम्मीद

01-Jul-2025 12:07 PM

मुम्बई। एक अग्रणी संस्था- इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (आईपीजीए) की साप्ताहिक रिपोर्ट में कहा गया है कि चालू सप्ताह के दौरान तुवर के दाम में कुछ सुधार आ सकता है

क्योंकि एक तो मंडियों में आवक कम हो रही है और दूसरे, मिलर्स तथा व्यापारियों के पास इसका स्टॉक भी सीमित रह गया है। बाजार की नजर जुलाई में विदेशों से होने वाले आयात पर भी केन्द्रित है। म्यांमार तथा अफ्रीकी देशों से तुवर का आयात होता है। 

दरअसल स्वदेशी माल की तुलना में विदेशों से आयातित तुवर में ज्यादा मांग देखी जा रही है क्योंकि यह अपेक्षाकृत सस्ते दाम पर उपलब्ध है। इसमें भी खासकर अफ्रीका से आयातित तुवर काफी सस्ती हो गई है

जबकि म्यांमार से आयातित लेमन तुवर का दाम उससे ऊपर चल रहा है। अफ्रीकी देशों में अगले महीने से तुवर की नई फसल की कटाई-तैयारी आरंभ होने वाली है और उसके बाद भारत में इसका भारी आयात शुरू हो सकता है।

तब तक म्यांमार से आयातित तुवर की बिक्री का दबाव बढ़ने की संभावना है। एसोसिएशन के अनुसार मोजाम्बिक एवं मलावी सहित अन्य अफ्रीकी देशों से 15 सितम्बर के बाद तुवर का शिपमेंट आरंभ होकर भारत में पहुंचने लगेगा। इससे घरेलू प्रभाग में आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम हो जाएगी। 

एसोसिएशन की रिपोर्ट के अनुसार देश के सभी प्रमुख उत्पादक राज्यों में अरहर (तुवर) की बिजाई आरंभ हो चुकी है मगर क्षेत्रफल में मिश्रित रुख देखा जा रहा है।

पिछले साल के मुकाबले इस बार तुवर का उत्पादन क्षेत्र महाराष्ट्र एवं गुजरात में आगे चल रहा है लेकिन कर्नाटक में पीछे हो गया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून समूचे देश में पहुंच चुका है लेकिन महाराष्ट्र तथा कर्नाटक के प्रमुख तुवर उत्पादक इलाकों में अभी और बारिश की आवश्यकता है। 

कुछ मंडियों में पिछले सप्ताह के दौरान तुवर का भाव नरम बना रहा क्योंकि दाल मिलों की मांग कमजोर रही और आयातित माल की उपलब्धता बढ़ गई।

हालांकि स्वदेशी माल एवं आयातित तुवर के दाम में अंतर घट गया है लेकिन अफ्रीकी देशों से आयात होने वाली तुवर का मूल्य अब भी काफी नीचे बताई जा रही है।

उधर तुवर दाल की मांग थोक एवं खुदरा बाजार में सुस्त बनी हुई है और मार्जिन (लाभ) बहुत कम बैठने से अधिकांश दाल मिलें अपनी क्षमता के बहुत कम भाग का उपयोग कर रही है।

गत सप्ताह महाराष्ट्र की अकोला मंडी में साबुत तुवर का भाव 75 रुपए घटकर 6925-6950 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया जबकि दिल्ली में इसका दाम 7050 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा। तुवर का एमएसपी 7550 रुपए प्रति क्विंटल है।