चीन का बाजार खुलने के बावजूद कनाडाई मटर का भाव स्थिर
02-Apr-2026 05:52 PM
रेगिना। हालांकि चीन ने कनाडाई मटर पर लगे भारी-भरकम आयात शुल्क में काफी कटौती कर दी है जिससे वहां इसका आयात भी शुरू हो गया है लेकिन वह मुख्यतः पीली मटर की खरीद कर रहा है।
भारत में भी सिर्फ पीली मटर के ही आयात की अनुमति है। कनाडा में मटर का विशाल स्टॉक मौजूद है और इसकी बिजाई का सीजन औपचारिक तौर पर 1 अप्रैल से आरंभ हो गया है। ऊंचे स्टॉक एवं स्थिर भाव के कारण कनाडा के मटर उत्पादक फिलहाल असमंजस की स्थिति में है।
एक अग्रणी विश्लेषक के अनुसार पश्चिमी कनाडा की मंडियों में फिलहाल पीली मटर का भाव करीब 8.50 डॉलर प्रति बुशेल चल रहा है जबकि इसकी अगली नई फसल का अनुबंध मूल्य 7-8 डॉलर प्रति बुशेल के बीच बताया जा रहा है। इसी तरह जहां तक मापले मटर का सवाल है तो इसमें थोड़ा-बहुत कारोबार होने से इसका दाम सुधरकर 12 डॉलर प्रति बुशेल पर पहुंच गया है।
कनाडा में मटर की बिजाई अप्रैल जून के दौरान होती है और इसके नए माल की आपूर्ति अगस्त से आरंभ हो जाती है। किसान इसकी खेती का दायरा बढ़ाने या घटाने के प्रति असमंसज में है। यदि कीमतों में थोड़ा सुधार आ गया तो मटर का बिजाई क्षेत्र कुछ बढ़ सकता है। भारत में पीली मटर के आयात पर 30 प्रतिशत के सीमा शुल्क को अगले एक साल तक स्थिर रखने का निर्णय लिया गया है।
