चीनी के निर्यात की गति अगले कुछ सप्ताहों में तेज होने की उम्मीद

10-Apr-2025 08:11 PM

मुम्बई। ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिएशन का कहना है कि अगले एक माह के अंदर भारत से चीनी के निर्यात की गति तेज हो सकती है। एसोसिएशन के अनुसार 20 जनवरी 2025 को सरकार ने 2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के दौरान शिपमेंट के लिए 10 लाख टन चीनी का निर्यात कोटा घोषित किया था

मगर 8 अप्रैल 2025 तक इसमें से करीब 2.87 लाख टन का ही निर्यात हो सका। इसके अलावा करीब 18 हजार टन चीनी की लोडिंग बंदरगाह पर जहाज में हो रही है जिसका शिपमेंट जल्दी ही किया जाएगा। 

मिलर्स को निर्यात उद्देश्य के लिए चीनी की बिक्री का पर्याप्त समय मिल रहा है। 30 दिसम्बर 2025 तक 10 लाख टन चीनी का निर्यात होना है। इस बीच यदि वैश्विक बाजार भाव में तेजी आती है तो भारतीय चीनी की मांग बढ़ जाएगी।

ब्राजील में चीनी के उत्पादन का नया मार्केटिंग सीजन औपचारिक तौर पर 1 अप्रैल से आरंभ हो चुका है लेकिन इसे रफ्तार पकड़ने में कुछ समय लग सकता है। 

एसोसिएशन के मुताबिक चालू मार्केटिंग सीजन में अब तक भारत से सोमालिया को लगभग 52 हजार टन, अफगानिस्तान को 49 हजार टन, श्रीलंका को 47 हजार टन,

लीबिया को 31 हजार टन, जिबूती को 27 हजार टन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 22 हजार टन, तंजानिया को 21 हजार टन, बांग्ला देश को लगभग 6 हजार टन तथा चीन को 5400 टन चीनी का निर्यात किया जा चुका है।

अभी तक भारत से चीनी के निर्यात शिपमेंट की गति धीमी रही है क्योंकि इसका वैश्विक बाजार भाव नीचे और घरेलू बाजार मूल्य ऊंचा रहा।

अब थाईलैंड में गन्ना की क्रशिंग समाप्त होने पर चीनी के उत्पादन में ठहराव आएगा क्योंकि भारत में भी उत्पादन का सीजन जल्दी ही खत्म होने वाला है।

एसोसिएशन ने 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान चीनी का घरेलू उत्पादन घटकर 254 लाख टन पर सिमट जाने की संभावना व्यक्त की है

जो नेशनल फेडरेशन ऑफ को ऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज (एनएफसीएसएफ) के अनुसार 259 लाख टन तथा इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (आईएसएमए) के उत्पादन अनुमान 264 लाख टन से क्रमश: 5 लाख टन एवं 10 लाख टन कम है।

2023-24 के मार्केटिंग सीजन में 319 लाख टन चीनी का घरेलू उत्पादन हुआ था। इस बार सभी प्रमुख उत्पादक राज्यों में चीनी के उत्पादन में भारी गिरावट आने के संकेत मिल रहे हैं जबकि मांग एवं खपत में कमी आने की संभावना नहीं है।