चीनी के उत्पादन में उम्मीद से काफी कम वृद्धि

20-Apr-2026 03:23 PM

नई दिल्ली। 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में पहले 300 लाख टन से अधिक चीनी के उत्पादन का अनुमान लगाया जा रहा था मगर अब इसका वास्तविक उत्पादन 280 लाख टन तक पहुंचना भी मुश्किल लग रहा है।

महाराष्ट्र, कर्नाटक एवं गुजरात सहित अन्य अधिकांश राज्यों में गन्ना की क्रशिंग बंद हो चुकी है और सिर्फ उत्तर प्रदेश एवं तमिलनाडु की कुछ इकाइयां ही चालू हैं। चालू माह के अंत तक इन इकाइयों के भी बंद हो जाने की प्रबल संभावना है।

इस बार 15 अप्रैल तक करीब 275 लाख टन चीनी का घरेलू उत्पादन हुआ जो पिछले साल की समान अवधि के उत्पादन से सिर्फ 8 प्रतिशत अधिक रहा। पहले इसमें 17 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही थी।

हालांकि महाराष्ट्र तथा कर्नाटक में चीनी के उत्पादन में अच्छा इजाफा हुआ लेकिन उत्तर प्रदेश एवं गुजरात में उत्पादन पिछड़ गया। बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब एवं उत्तराखंड जैसे राज्यों में भी उत्पादन उत्साहवर्धक नहीं रहा। महाराष्ट्र में 99 लाख टन से कुछ अधिक चीनी उत्पादन हुआ। तमिलनाडु एवं उत्तरी कर्नाटक में जुलाई-अगस्त में गन्ना की विशेष क्रशिंग होगी।