ऑस्ट्रेलिया में सूखे की स्थिति से दलहनों की बिक्री की गति धीमी
20-Apr-2026 03:48 PM
होबार्ट। ऑस्ट्रेलिया के उत्तरी भाग में सूखे का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है जिसे देखते हुए चना, मसूर एवं फाबा बीन्स की बिक्री में उत्पादक कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं। वहां इन दलहनों का निर्यात ऑफर मूल्य भी लगभग स्थिर बना हुआ है। उत्पादक मौजूदा मूल्य स्तर पर अपना स्टॉक बेचने के मूड में नहीं दिखते हैं।
न्यू साउथ वेल्स प्रान्त के उत्तरी भाग तथा क्वींसलैंड राज्य के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में भयंकर सूखा पड़ने से खेतों की मिटटी से नमी गायब हो गई है। इसके फलस्वरूप वहां चालू वर्ष के दौरान खासकर चना एवं फाबा बीन्स के रकबे में गिरावट आ सकती है।
उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलिया दुनिया में चना का सबसे प्रमुख एवं मसूर का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक देश है और भारत में वहां से इन दोनों दलहनों का भारी आयात किया जाता है। ऑस्ट्रेलिया से फाबा बीन्स, मटर तथा ल्यूपिन का भी निर्यात होता है।
दूसरी ओर दक्षिण ऑस्ट्रेलिया प्रान्त एवं विक्टोरिया राज्य में फरवरी के अंतिम दिनों से ही रुक-रुककर अच्छी बारिश हो रही है जिससे वहां मसूर एवं फाबा बीन्स के बिजाई क्षेत्र में कुछ सुधार आने की उम्मीद है।
ऑस्ट्रेलिया में जल्दी ही दलहन फसलों की बिजाई आरंभ होने वाली है और विभिन्न कारणों से किसान कुछ असमंजस की स्थिति में हैं। चना तथा मसूर के दाम में कोई निकटवती समय में घरेलू एवं निर्यात मांग को पूरा करने के लिए उसके पास दलहनों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है इसलिए किसानों की कम बिक्री के बावजूद तेजी नहीं आ रही है।
