मौसम साफ होने से गेहूं खरीद की रफ्तार बढ़ने के संकेत

20-Apr-2026 06:01 PM

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान में मौसम साफ एवं गर्म होने लगा है जिससे गेहूं की सरकारी खरीद की रफ्तार बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

राजस्थान, हरियाणा एवं पंजाब में गेहूं के गुणवत्ता मानकों में ढील दी गई है जिससे वहां 50 प्रतिशत तक बदरंग या चमकहीन तथा 15 प्रतिशत तक चिपटे या टूटे दाने वाले गेहूं की सरकारी खरीद संभव हो रही है।

वैसे एजेंसियों को इस कमजोर क्वालिटी वाले गेहूं के स्टॉक को अलग रखने के लिए कहा गया है। सरकार का कहना है कि इस गेहूं में सभी पौष्टिक गुण (अवयव) बरकरार होते हैं मगर इसे लम्बे समय तक भंडारित नहीं रखा जा सकता है। जितनी जल्दी इसकी निकासी हो जाए उतना ही अच्छा है। 

चूंकि गेहूं का थोक मंडी भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे चल रहा है इसलिए किसान सरकारी क्रय केन्द्रों पर भारी मात्रा में अपना अनाज लेकर पहुंचने लगे हैं।

हरियाणा को छोड़कर अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों में गेहूं की आवक देर से आरंभ हुई मगर अब जोरदार आपूर्ति होने लगी है। यदि आगे मौसम साफ रहा तो सरकारी खरीद में बाधा नहीं पड़ेगी। सरकार ने 303.37 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य रखा है।