अल नीनो का खरीफ बिजाई पर गंभीर असर नहीं पड़ने का दावा
20-Apr-2026 06:54 PM
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने देश भर के किसानों को पुनः आश्वस्त किया है कि आगामी खरीफ सीजन में फसलों की बिजाई के दौरान अगर अल नीनो मौसम चक्र की वजह से कोई बाधा उत्पन्न होती है तो वह उसे दूर करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
सरकार को उम्मीद है कि खरीफ फसलों की बिजाई पर कुल मिलाकर अल नीनो का कोई खास असर नहीं पड़ेगा जैसा कि पिछले दशकों में होता रहा है। इसका कारण यह है कि बांधों-जलाशयों में पानी का अच्छा स्टॉक उपलब्ध है और राष्ट्रीय स्तर पर सिंचाई सुविधाओं का विकास-विस्तार भी हुआ है।
मौसम विभाग ने इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम मानसून के कमजोर रहने तथा कुल वर्षा सामान्य स्तर से करीब 8 प्रतिशत बिंदु कम होने की संभावना व्यक्त की है। इसके आलोक में केन्द्रीय कृषि मंत्री ने खरीफ बिजाई सीजन की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई और कहा कि समेकित योजना तथा सामयिक हस्तक्षेप से जोखिम घटाया जाएगा।
