ऑस्ट्रेलिया में चना का निर्यात ऑफर मूल्य लगभग स्थिर
20-Apr-2026 06:26 PM
ब्रिसबेन। ऑस्ट्रेलिया में चना का बल्क डिलीवरी भाव ब्रिसबेन पहुंच तक के लिए फिलहाल 630 डॉलर प्रति टन चल रहा है जो मध्य मार्च में प्रचलित मूल्य के लगभग बराबर या 5 डॉलर ज्यादा है। व्यापार विश्लेषकों के अनुसार मौजूदा मूल्य उत्पादकों की उम्मीदों के अनुरूप नहीं है और इसलिए उसे जल्दी-जल्दी अपना स्टॉक बेचने का कोई खास प्रोत्साहन नहीं मिल रहा है। इसी तरह अगली नई फसल की बिजाई के लिए भी उसमें उत्साह एवं आकर्षण कम देखा जा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के किसानों के पास अभी चना का अच्छा खासा स्टॉक मौजूद है जबकि कुछ महत्वपूर्ण उत्पादक प्रांतों में वर्ष का भारी अभाव होने से सूखे का गभीर संकट पैदा हो गया है।
इससे वहां अगला उत्पादन घटने की आशंका है। उत्पादकों को आगामी समय में देसी चना का भाव सुधरने की उम्मीद है। सूखे के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया के चना उत्पादकों को यूरिया के अभाव का काफी सामना करना पड़ रहा है जबकि वहां डीजल का दाम भी बढ़ गया है। यह यूरिया-डीजल संकट होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने की वजह से पैदा हुआ है।
चना की बिजाई जमीन की गहराई में की जाती है जिसके लिए खेतों में पर्याप्त नमी होना आवश्यक है और इसे सिंचाई के वास्ते भी पानी की जरूरत पड़ती है। लेकिन उत्पादक मंडियों में चना का दाम महज 600 डॉलर प्रति टन के आसपास चल रहा है इसलिए किसान महंगे डीजल एवं खाद का उपयोग करके गहरी बिजाई करने के इच्छुक नहीं हैं।
वैसे अभी बिजाई सीजन जोर पकड़ने में कुछ समय बचा हुआ है। ऑस्ट्रेलिया में चना की बिजाई मई के अंतिम दिनों में जोर पकड़ती है और जुलाई के आरंभ तक जारी रहती है। इस बीच अगर अच्छी बारिश हो गई तो चना की बिजाई बेहतर हो सकती है।
